मधुमक्खियों के हमले से बचने के लिए डैम में कूदा युवक, मौत

Mar 22, 2026 - 18:43
मधुमक्खियों के हमले से बचने के लिए डैम में कूदा युवक, मौत

बंशीधर न्यूज

पलामू: ईद की खुशियों के बीच एक हादसे ने पूरे इलाके को शोक में डुबो दिया। पलामू जिले के हैदरनगर थाना क्षेत्र के गंजपर मोहल्ला निवासी 20 वर्षीय आरिफ की शनिवार रात काशी सोत डैम में डूबने से मौत हो गई। बताया जाता है कि युवक ईद की नमाज़ अदा करने के बाद अपने दोस्तों के साथ मोहम्मदगंज थाना क्षेत्र स्थित काशी सोत डैम घूमने गया था।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, डैम के समीप अचानक मधुमक्खियों का झुंड लोगों पर टूट पड़ा। मधुमक्खियों से बचने के प्रयास में अफरा-तफरी मच गई। इसी दौरान आरिफ बचने के लिए घबराहट में डैम में कूद गया। पानी गहरा होने के कारण वह डूब गया।

घटना के बाद वहां मौजूद ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए युवक को पानी से बाहर निकाला और तुरंत अनुमंडलीय अस्पताल हुसैनाबाद पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। अस्पताल में मौजूद परिजन शव को लेकर घर लौट आए। घटना की खबर मिलते ही गांव में मातम छा गया। ईद की खुशियां पल भर में गम में बदल गईं।

मृतक के घर में कोहराम मचा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। इधर , क्षेत्रीय विधायक और मुखिया ने आपदा प्रबंधन के तहत मुआवजा दिलाने के लिए शनिवार देर रात तक युवक का पोस्टमार्टम कराने के लिए परिजनों को सलाह दी, लेकिन तमाम प्रयासों के बावजूद उन्होंने इनकार कर दिया।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0