अजगरवापत्थर जंगल में युवक की हत्या, बाईक व मोबाईल जब्त
बंशीधर न्यूज
रंका/गढ़वा : गढ़वा जिले के भंडरिया में पुरानी रंजिश ने एक निर्दोष युवक की जान ले ली। 35 वर्षीय वीरेन्द्र कोरवा का शव सात फरवरी को भंडरिया प्रखंड के ग्राम रोदो के अजगरवापत्थर जंगल में मिला। पुलिस ने इसे योजनाबद्ध हत्या बताया और त्वरित कार्रवाई करते हुये चार लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार मृतक वीरेन्द्र कोरवा पांच फरवरी को साईकिल से बिराजपुर बाजार गया था।
उसी दिन अभियुक्तों सुरेश, अजय और सीताराम भुईयां ने उसे देखा। बाजार में अकेले होने के कारण उन्होंने हत्या की योजना बनाई। वीरेन्द्र बाजार से लौट रहा था, तभी तीनों ने बाईक से उसका पीछा किया। अजगरवापत्थर जंगल के सुनसान इलाके में पहुंचते ही उन्होंने वीरेन्द्र का गला दबाकर हत्या कर दी। हत्या के बाद शव को घटनास्थल से लगभग 500 मीटर दूर घने जंगल में फेंक दिया गया।
पुलिस का कहना है कि इस हत्या के पीछे पूरी तरह से पुरानी रंजिश थी और अभियुक्तों ने इसे ठीक से योजना बनाकर अंजाम दिया। एसपी के निर्देशन में रंका एसडीपीओ रोहित रंजन सिंह के नेतृत्व में छापेमारी की गई। टीम ने चारों अभियुक्तों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त होंडा साइन बाईक, तीन मोबाईल फोन और मृतक की साइकिल जब्त कर लिया है। गिरफ्तार अभियुक्तों में सुरेश भुईयां उम्र 35 वर्ष, अजय भुईयां उर्फ अजय राम उम्र 32 वर्ष, राजनाथ भुईयां उम्र 60 वर्ष और सीताराम भुईयां उम्र 20 वर्ष शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्तों के खिलाफ कांड संख्या-12/26 दर्ज की गई है और जल्द ही उन्हें न्याय के हवाले किया जायेगा। भंडरिया थाना प्रभारी सुभाष कुमार पासवान ने बताया कि हत्या पुरानी रंजिश के चलते की गई थी। मामले की जांच अभी जारी है और पुलिस आसपास के इलाकों में भी संदिग्धों की खोज में लगी हुई है। छापामारी दल में एसडीपीओ रंका रोहित रंजन सिंह, भंडरिया थाना प्रभारी सुभाष कुमार पासवान, दिलीप कुमार रंजन, किशोर कुमार सहित अन्य जवान शामिल थे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0