हर जिले में बनेगी ब्लड डोनेशन अवेयरनेस एंड मॉनिटरिंग कमेटी
बंशीधर न्यूज
गढ़वा : राज्य में स्वैच्छिक रक्तदान को नई गति देने और जरूरतमंद मरीजों तक समय पर सुरक्षित रक्त उपलब्ध कराने के उद्देश्य से झारखंड सरकार ने प्रत्येक जिले में ब्लड डोनेशन अवेयरनेस एंड मॉनिटरिंग कमेटी के गठन का निर्णय लिया है। मुख्य सचिव अविनाश कुमार के निर्देश पर गठित होने वाली यह समिति डीसी की अध्यक्षता में कार्य करेगी और जिले में रक्तदान अभियान, रक्त संग्रह, भंडारण एवं उपयोग की नियमित निगरानी करेगी।
यह पहल विश्व स्वास्थ्य संगठन के मानकों तथा झारखंड उच्च न्यायालय के निर्देशों के अनुरूप की गई है। सरकार के अनुसार किसी जिले की वार्षिक रक्त आवश्यकता उसकी कुल आबादी का लगभग एक प्रतिशत होती है। वित्तीय वर्ष 2025-26 में झारखंड में कुल 3,68,345 यूनिट रक्त का संग्रह हुआ। जबकि 3,798 स्वैच्छिक रक्तदान शिविरों के माध्यम से 1,27,035 यूनिट रक्त एकत्रित किया गया।
विभिन्न जिलों में रक्तदान शिविरों के आयोजन और रक्त संग्रह में असमानता को देखते हुये इस समिति के गठन का फैसला लिया गया है। समिति में डीसी के अलावा वरीय पुलिस अधीक्षक, झारखंड सशस्त्र पुलिस के समादेष्टा, डीडीसी (उपाध्यक्ष), प्रमंडल वन पदाधिकारी, सिविल सर्जन (सचिव), सरकारी एवं निजी रक्त केंद्रों के चिकित्सा पदाधिकारी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, आईएमए के प्रतिनिधि तथा अन्य संबंधित हितधारक सदस्य होंगे। समिति की बैठक प्रत्येक माह के प्रथम सप्ताह में आयोजित की जायेगी।
समिति जिले में रक्त एवं रक्त अवयवों की वार्षिक आवश्यकता का आकलन करेगी, स्वैच्छिक रक्तदान शिविरों का वार्षिक और मासिक कैलेंडर तैयार करेगी तथा व्यापक जनजागरूकता अभियान चलायेगी। साथ ही सभी रक्त केंद्रों में एचआईवी, हेपेटाइटिस-बी, हेपेटाइटिस-सी, मलेरिया और सिफिलिस की अनिवार्य जांच सुनिश्चित की जायेगी। इरक्तकोष पोर्टल पर रक्त संग्रह और भंडारण से जुड़े आंकड़ों का नियमित अद्यतन भी कराया जायेगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0