डॉ कौशल व मुखिया पूनम ने वन राखी आंदोलन की स्वर्ण जयंती पर निकाली प्रभात फेरी
बंशीधर न्यूज
छतरपुर : वन संरक्षण एवं पर्यावरण जागरूकता को लेकर चलाये जा रहे वन राखी मूवमेंट के 50 वर्ष पूर्ण होने पर रविवार को छतरपुर क्षेत्र के केरकी कुटिया, मोहन बांध गुनिया टांग, मोहनलाल खुर्जा, पार्वती देवी पार्क एवं केरकी खुर्द में जागरूकता अभियान चलाया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व पर्यावरणविद् डॉ कौशल किशोर जायसवाल एवं डाली पंचायत की मुखिया पूनम जायसवाल ने किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ कन्या पूजन, राष्ट्रगान एवं पर्यावरण धर्म की प्रार्थना के साथ बरगद का पौधा रोपित कर किया गया। इसके बाद करीब 10 गांवों से पहुंचे लगभग 500 वन राखी मूवमेंट कार्यकर्ताओं ने प्रभात फेरी निकालकर लोगों को वनों की कटाई रोकने एवं पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस दौरान वन वृक्षों पर रक्षाबंधन कर पेड़ों की रक्षा का संकल्प भी लिया गया।
डॉ कौशल किशोर जायसवाल ने कहा कि पर्यावरण धर्म और वन राखी आंदोलन मानव जीवन का आधार है। आधुनिक सुख-सुविधाओं का सीमित उपयोग कर प्रदूषण को कम करना आज की आवश्यकता है। वहीं मुखिया पूनम जायसवाल ने महिलाओं से पौधों को अपने बच्चों की तरह लगाकर उनकी देखभाल करने की अपील की, ताकि आने वाली पीढ़ियां स्वस्थ एवं सुरक्षित वातावरण में जीवन यापन कर सकें।
कार्यक्रम में डॉ कौशल ने पुरुष पर्यावरण प्रेमियों तथा मुखिया पूनम जायसवाल ने महिला पर्यावरण प्रेमियों को अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता कपिल सिंह ने की। जबकि संचालन शिवनाथ सुरीला ने किया। मौके पर बनारसी कुमार, पूर्व उपमुखिया अफजाल अंसारी, जुबेर अंसारी, सोहर जायसवाल, नागेश्वर सिंह, श्याम बिहारी सिंह, रामप्रवेश भुईयां, मनोज गुप्ता सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं पर्यावरण प्रेमी उपस्थित थे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0