अवैध बालू उत्खनन के खिलाफ एक्शन मोड में प्रशासन

Mar 14, 2026 - 19:08
अवैध बालू उत्खनन के खिलाफ एक्शन मोड में प्रशासन

बंशीधर न्यूज

कांडी : इलाके में अवैध बालू के उत्खनन और परिवहन से मची तबाही के बाद अब प्रशासन पूरी तरह एक्शन मोड में आ गया है। बलियारी पंचायत के सोनपुरा गांव की एक महिला की ट्रैक्टर की चपेट में आने से हुई दर्दनाक मौत के बाद उपजे जनाक्रोश को देखते हुए कांडी अंचल अधिकारी ने कड़ा रुख अपनाया है।

अंचल अधिकारी ने कांडी थाना प्रभारी एवं हरिहरपुर ओपी प्रभारी को आधिकारिक पत्र जारी कर स्पष्ट निर्देश दिया है कि क्षेत्र में अवैध बालू का कारोबार किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अंचल अधिकारी द्वारा जारी निर्देश के अनुसार, अब कांडी थाना क्षेत्र में रात के समय गश्त (पेट्रोलिंग) बढ़ाई जाएगी। यदि कोई भी बालू लदा ट्रैक्टर अवैध रूप से चलते हुए पकड़ा जाता है, तो बिना किसी ढिलाई के ट्रैक्टर मालिक और ड्राइवर पर तुरंत FIR दर्ज करने का आदेश दिया गया है।

साथ ही, समय-समय पर अंचल अधिकारी और पुलिस प्रशासन द्वारा संयुक्त छापेमारी अभियान भी चलाया जाएगा। बता दें कि बीते 12 मार्च को अवैध बालू लदे एक ट्रैक्टर की चपेट में आने से सोनपुरा गांव की एक महिला की जान चली गई थी। इस घटना से नाराज ग्रामीणों ने करीब 20 घंटे तक सड़क जाम कर अपना विरोध दर्ज कराया था।

मौके पर जिला परिषद सदस्य और प्रखंड प्रमुख जैसे जनप्रतिनिधियों ने भी अवैध बालू के इस काले कारोबार पर पूर्णतः रोक लगाने की मांग की थी। प्रशासन की इस गंभीरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि इस आदेश की प्रतिलिपि पुलिस अधीक्षक गढ़वा, उपायुक्त गढ़वा और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सहित तमाम उच्चाधिकारियों को भी भेजी गई है, ताकि इस अभियान की मॉनिटरिंग ऊपरी स्तर से भी की जा सके।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0