पलामू: सड़क हादसे में सहायक शिक्षक की मौत, आक्रोशित लोगों ने तीन घंटे तक किया सड़क जाम
बंशीधर न्यूज
पलामू: जिले के छतरपुर प्रखंड मुख्यालय में सोमवार को हुए एक सड़क हादसे में सहायक शिक्षक राजेश भारद्वाज की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश फैल गया। नाराज लोगों ने प्रखंड कार्यालय के समीप मुख्य सड़क को करीब तीन घंटे तक जाम कर प्रशासन के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया।
हुसैनाबाद क्षेत्र के कुसुआ गांव निवासी राजेश भारद्वाज छतरपुर स्थित मध्य विद्यालय में सहायक शिक्षक के पद पर कार्यरत थे। सोमवार को वे जनगणना कार्य से संबंधित किट और आईडी कार्ड लेने के लिए छतरपुर प्रखंड कार्यालय पहुंचे थे। ब्लॉक कार्यालय से बाहर निकलने के दौरान प्रखंड मुख्यालय गेट के समीप खाद्यान्न लेकर आ रहे ट्रक (जेएच 03एजे 1730) ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया।
हादसा इतना गंभीर था कि उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। राजेश भारद्वाज शिक्षा के क्षेत्र के साथ-साथ सामाजिक गतिविधियों में भी सक्रिय भूमिका निभाते थे। वे विहंगम योग संस्थान में जिला सह-संयोजक के पद की जिम्मेदारी भी निभा रहे थे। उनकी अचानक मौत की खबर से शिक्षा जगत, सामाजिक संगठनों और स्थानीय लोगों में शोक की लहर दौड़ गई।
घटना की सूचना मिलते ही छतरपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एनएमसीएच मेदिनीनगर भेज दिया। वहीं, हादसे के बाद परिजन और ग्रामीण सड़क पर उतर आए और सड़क जाम कर प्रशासन से उचित मुआवजा तथा दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करने लगे।
स्थानीय लोगों ने बताया कि राजेश भारद्वाज एक मिलनसार, कर्तव्यनिष्ठ और समाजसेवी शिक्षक थे। उनकी असमय मौत से पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0