बिजली संकट पर भड़के भानू, अधिकारियों को दी चेतावनी कहा, बिजली में सुधार लायें नहीं तो होगा बड़ा आंदोलन

Aug 1, 2026 - 17:38
बिजली संकट पर भड़के भानू, अधिकारियों को दी चेतावनी कहा, बिजली में सुधार लायें नहीं तो होगा बड़ा आंदोलन

बंशीधर न्यूज

श्री बंशीधर नगर : पूर्व मंत्री व भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष भानू प्रताप शाही ने भवनाथपुर विधानसभा क्षेत्र में बिजली की आंख मिचौनी से किसानों को हो रही समस्या को लेकर कड़ी नाराजगी व्यक्त की है। शनिवार को उन्होंने विद्युत विभाग के डिवीजन कार्यालय पहुंचकर अधिकारियों से हो रही बिजली की समस्या की विस्तृत जानकारी ली।

श्री शाही ने कार्यपालक अभियंता समेत विभागीय अधिकारियों से किसानों को हो रही परेशानियों से अवगत कराते हुये व्यवस्था में जल्द सुधार करने की मांग की। उन्होंने अधिकारियों को कड़ी चेतावनी देते हुये कहा कि आप नये आये हैं, शायद मेरे बारे में जानकारी नहीं हो तो पुराने अधिकारियों से पूछ लीजिये। मुझे 2005 वाला भानू प्रताप शाही बनने पर मजबूर मत करिये।

श्री शाही ने कहा कि इस वर्ष समय पर पर्याप्त बारिश नहीं होने से किसान सिंचाई के लिये पूरी तरह बिजली पर निर्भर हैं। धान की रोपाई का समय चल रहा है, लेकिन पर्याप्त बिजली नहीं मिलने के कारण किसान भारी परेशानी झेल रहे हैं। उन्होंने मांग की कि किसानों को प्रतिदिन कम से कम 15 घंटे निर्बाध बिजली उपलब्ध कराई जाय, ताकि खेती प्रभावित न हो। उन्होंने विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुये कहा कि कई स्थानों पर बिजली कनेक्शन तो दे दिये गये हैं, लेकिन पोल और तार की व्यवस्था अब तक नहीं की गई है।

इससे लोग अस्थायी व्यवस्था के सहारे लोग बिजली का उपयोग कर रहे हैं, जिससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। उन्होंने जर्जर तार और पोल को तत्काल बदलने तथा लंबित कार्यों को शीघ्र पूरा करने का निर्देश अधिकारियों को दिया। श्री शाही ने स्मार्ट और डिजिटल मीटर से आ रहे बिजली बिलों को लेकर भी नाराजगी जताई। कहा कि जिन उपभोक्ताओं का बिल लगभग एक हजार रुपये होना चाहिये, उन्हें चार से पांच हजार रुपये तक का बिल भेजा जा रहा है।

उन्होंने विभाग से विशेष शिविर लगाकर गलत बिलों का सुधार कराने और उपभोक्ताओं की शिकायतों का त्वरित निस्तारण करने को कहा। इसी दौरान चितरी गांव के दक्षिण टोला के एक किसान ने विद्युत विभाग के एई प्रदीप सिंह पर गंभीर आरोप लगाते हुये कहा कि क्षेत्र में लंबे समय से बांस-बल्ली के सहारे बिजली लाईन चल रही है। कई बार शिकायत करने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ।

किसान ने एई पर कथित रूप से पैसे मांगने का भी आरोप लगाया। इस पर श्री शाही ने अधिकारियों से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट कहा कि यदि किसानों की समस्याओं का जल्द समाधान नहीं हुआ तो विभाग के खिलाफ व्यापक जनआंदोलन किया जायेगा। मौके पर लक्ष्मण राम, शैलेश चौबे, कुमार कनिष्क, मधुबाला देवी, पंकज सिंह सहित कई लोग मौजूद थे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0