डीसी ने मझिआंव प्रखंड कार्यालय व सीएचसी का किया औचक निरीक्षण, लापरवाही पर कार्रवाई के निर्देश

Jul 29, 2026 - 20:38
डीसी ने मझिआंव प्रखंड कार्यालय व सीएचसी का किया औचक निरीक्षण, लापरवाही पर कार्रवाई के निर्देश

बंशीधर न्यूज

गढ़वा : डीसी पशुपति नाथ मिश्रा ने बुधवार को क्षेत्र भ्रमण के दौरान मझिआंव प्रखंड-सह-अंचल कार्यालय एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) मझिआंव का औचक निरीक्षण कर सरकारी योजनाओं की प्रगति, कर्मियों की उपस्थिति और जनसुविधाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना की संतोषजनक प्रगति नहीं मिलने पर उन्होंने नाराजगी जताई और संबंधित प्रखंड समन्वयक से स्पष्टीकरण लेकर प्रतिवेदन समर्पित करने का निर्देश बीडीओ कनक को दिया।

प्रखंड-सह-अंचल कार्यालय के निरीक्षण में सभी कर्मी उपस्थित मिले, जबकि एसआईआर से जुड़े कार्यों की प्रगति संतोषजनक पाई गई। डीसी ने कल्याण विभाग से प्राप्त साइकिलों का शीघ्र वितरण सुनिश्चित करने तथा कार्यालय परिसर की नियमित साफ-सफाई और स्वच्छता व्यवस्था बेहतर बनाये रखने का निर्देश दिया। इसके बाद डीसी ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मझिआंव का निरीक्षण किया, जहां कई कर्मी अनुपस्थित पाये गये।

 इस पर उन्होंने प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ गोविंद सेठ को अनुपस्थित कर्मियों से स्पष्टीकरण प्राप्त कर प्रतिवेदन सौंपने का निर्देश दिया। साथ ही मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने, अस्पताल की कार्यप्रणाली सुदृढ़ करने और नियमित निगरानी रखने पर जोर दिया। निरीक्षण के दौरान डीसी ने अस्पताल में भर्ती मरीजों से बातचीत कर उपचार, दवा, जांच और अन्य सुविधाओं की जानकारी ली।

 उन्होंने इलाज कराने आये मरीजों एवं उनके परिजनों से भी फीडबैक लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिये। इसके अलावा सदर अस्पताल में भर्ती कामेश्वर परहिया से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना और चिकित्सकों को बेहतर इलाज सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

डीसी ने कहा कि पात्र लाभुकों तक सभी सरकारी योजनाओं का लाभ समय पर पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है। सरकारी कार्यालयों और स्वास्थ्य संस्थानों में लापरवाही किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जायेगी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0