गढ़वा में डीआईजी का दौरा, रामनवमी सुरक्षा तैयारियों की समीक्षा

Mar 21, 2026 - 19:35
गढ़वा में डीआईजी का दौरा, रामनवमी सुरक्षा तैयारियों की समीक्षा

बंशीधर न्यूज

गढ़वा : समाहरणालय स्थित पुलिस अधीक्षक कार्यालय का पलामू डीआईजी किशोर कौशल ने दौरा किया। उनके आगमन पर परिचारी प्रवर, पुलिस केंद्र गढ़वा के नेतृत्व में जवानों द्वारा सलामी देकर उनका स्वागत किया गया।

 इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था और प्रशासनिक तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक भी आयोजित की गई। बैठक में आगामी रामनवमी पर्व के दौरान सुरक्षा प्रबंधन, जुलूस मार्गों की रूपरेखा, भीड़ नियंत्रण और संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त सतर्कता जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।

अधिकारियों से तैयारियों की जानकारी लेने के बाद डीआईजी ने आवश्यक सुधारात्मक उपाय सुनिश्चित करने के निर्देश दिये। उन्होंने स्पष्ट कहा कि पर्व के दौरान किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना या अफवाह को रोकना प्राथमिक जिम्मेदारी है, जिसके लिये हर स्तर पर सतर्कता जरूरी है।

संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर पुलिस बल की पर्याप्त तैनाती करने, जुलूस के मार्गों पर लगातार निगरानी रखने तथा आधुनिक तकनीक जैसे सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन का उपयोग प्रभावी ढंग से करने पर जोर दिया गया। साथ ही कंट्रोल रूम से रियल-टाइम मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने और सभी सूचनाओं के त्वरित समन्वय पर भी बल दिया गया।

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर नजर रखने तथा किसी भी प्रकार की भड़काऊ या धार्मिक उन्माद फैलाने वाली पोस्ट पर तुरंत कार्रवाई करने के निर्देश भी दिये गये। बैठक के उपरांत डीआईजी ने कंट्रोल रूम गढ़वा का निरीक्षण किया, जहां उन्होंने आपातकालीन कॉल रिस्पांस सिस्टम, पीसीआर वाहनों की कार्यप्रणाली, शहर में लगे सीसीटीवी कैमरों की मॉनिटरिंग व्यवस्था और सूचना प्रवाह की स्थिति का बारीकी से जायजा लिया।

उन्होंने सीसीआर प्रभारी को समयबद्ध और प्रभावी रिस्पांस सुनिश्चित करने के लिये आवश्यक दिशा-निर्देश दिये। इसके बाद उन्होंने गढ़वा स्थित कोर्ट परिसर का भी निरीक्षण किया, जहां सुरक्षा व्यवस्था, तैनात पुलिस बल, सीसीटीवी कवरेज और अन्य सुरक्षा इंतजामों की भौतिक जांच की गई। उन्होंने अधिकारियों को कोर्ट परिसर की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए हर समय सतर्क और सक्रिय रहने का निर्देश दिया, ताकि किसी भी स्थिति में सुरक्षा व्यवस्था में कोई चूक न हो।

रामनवमी पर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आया और हर स्तर पर तैयारियों को अंतिम रूप देने पर जोर दिया गया। बैठक में एसपी अमन कुमार, अपर पुलिस अधीक्षक, अभियान, पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय), तीनों अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, पुलिस निरीक्षक तथा सभी थाना प्रभारी शामिल थे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0