भाजपा कार्यालय में मनाया गया पंडित दीनदयाल उपाध्याय का समर्पण दिवस
बंशीधर न्यूज
गढ़वा : भाजपा कार्यकर्ताओं ने जनसंघ के संस्थापक एवं एकात्म मानववाद के प्रणेता पंडित दीनदयाल उपाध्याय की पुण्यतिथि को समर्पण दिवस के रूप में भाजपा जिला कार्यालय पिंडरा, गढ़वा में मनाया। कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष उदय कुशवाहा ने की। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुये जिलाध्यक्ष उदय कुशवाहा ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय ने राष्ट्र के उत्थान के लिये अपना संपूर्ण जीवन देश को समर्पित कर दिया। उन्होंने देश में एकात्मकता की भावना को जागृत करने का कार्य किया। आजादी के आंदोलन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के साथ-साथ उन्होंने राष्ट्रवादी विचारधारा को आगे बढ़ाने के लिये भारतीय जनसंघ की स्थापना की, जो आज भाजपा के रूप में विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी बन चुकी है।
उन्होंने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय ने भारतीय राजनीति को नई दिशा दी और देश के राजनीतिक परिदृश्य पर अमिट छाप छोड़ी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उनके विचारों से प्रेरित होकर कई जनकल्याणकारी योजनाएं चला रहे हैं, जिनका लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रहा है। पंडित दीनदयाल उपाध्याय का मानना था कि समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति का विकास ही सच्चे अर्थों में भारत का विकास है।
कार्यक्रम में भाजपा नेता विनय चौबे, जिला महामंत्री संतोष दुबे, एससी मोर्चा के प्रदेश प्रवक्ता अरविंद तुफानी, युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष रामशीष तिवारी, मेराल विधायक प्रतिनिधि डॉ लाल मोहन, मेराल उत्तरी मंडल अध्यक्ष अशोक केशरी, रोहित इंद्रेश पांडेय, रोहित कुमार सहित काफी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित थे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0