डॉ कौशल ने राज्यपाल को भेंट किया पौधा, कौशल नगर आने का दिया निमंत्रण

Jul 18, 2026 - 20:48
डॉ कौशल ने राज्यपाल को भेंट किया पौधा, कौशल नगर आने का दिया निमंत्रण

बंशीधर न्यूज

मेदिनीनगर : पर्यावरण धर्म एवं वन राखी मूवमेंट के स्वर्ण जयंती अभियान के तहत पर्यावरणविद् डॉ कौशल किशोर जायसवाल ने रांची स्थित राजभवन में राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार से शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने जगन्नाथ पूजा के अवसर पर राज्यपाल को थाईलैंड प्रजाति का जामुन का पौधा भेंट कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

थाईलैंड का जामुन का यह वही प्रजाति है जिसके फल इतने बड़े आकार के होते हैं कि 10 फल का वजन करीब एक किलोग्राम का हो जाता है। डॉ जायसवाल ने बताया कि देशभर में वर्ष 1966 से संचालित जंगल लगाओ, जंगल बचाओ अभियान के 60 वर्ष तथा पर्यावरण धर्म एवं वन राखी मूवमेंट के 50 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में स्वर्ण जयंती अभियान चलाया जा रहा है।

इसी क्रम में उन्होंने राज्यपाल को पलामू जिले के छतरपुर प्रखंड स्थित डाली के कौशल नगर आने का निमंत्रण दिया। उन्होंने राज्यपाल को बताया कि कौशल नगर स्थित मोहनलाल खुर्जा–पार्वती देवी पार्क एवं जैविक उद्यान में 12 फरवरी 2026 को विश्व के प्रथम पर्यावरण धर्म ज्ञान वृक्ष देव मंदिर का उद्घाटन अमेरिका और कर्नाटक से आये पर्यावरणविदों की उपस्थिति में किया गया था। पार्क में 22 देशों से लाये गये 272 प्रजातियों के दुर्लभ पौधे लगाये गये हैं।

जिससे यह स्थल पर्यावरण संरक्षण और जैव विविधता का महत्वपूर्ण केंद्र बन गया है। डॉ जायसवाल ने राज्यपाल से पार्क एवं पर्यावरण धर्म ज्ञान वृक्ष देव मंदिर का अवलोकन करने तथा प्रस्तावित पौधा वितरण शिविर का उद्घाटन करने के लिये कौशल नगर आने का आग्रह किया। राज्यपाल ने पर्यावरण संरक्षण के लिये डॉ कौशल द्वारा किये जा रहे प्रयासों की सराहना की।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0