लूटपाट का विरोध करने पर बुजुर्ग को मारी गोली

Apr 5, 2026 - 17:56
लूटपाट का विरोध करने पर बुजुर्ग को मारी गोली

बंशीधर न्यूज

पलामू: पलामू जिले के पांकी थाना क्षेत्र के जोबला गांव में लूटपाट का विरोध करने पर बैजनाथ सिंह नामक एक बुजुर्ग को गोली मार दी गई। गोली उनके पैर में लगी। जख्मी बुजुर्ग का प्रारंभिक इलाज मेदिनी राय मेडिकल कॉलेज अस्पताल में किया गया। वहां से रविवार दोपहर रेफर कर दिया गया। परिजन उन्हें इलाज के लिए निजी हॉस्पिटल में ले गए हैं।

उल्लेखनीय है कि शनिवार रात अपने घर पर लूटपाट का विरोध करने पर अपराधियों ने उनके पैर में गोली मार दी थी। हालांकि इस मामले को अफीम की खेती और खरीद बिक्री से जोड़कर देखा जा रहा है। पुलिस कई स्तरों पर जांच कर रही है। जिले की पुलिस अधीक्षक रिष्मा रमेशन ने इसकी पुष्टि की है। एसपी ने बताया कि मामले में जांच कर स्थिति स्पष्ट की जायेगी।

 बताया जा रहा है कि चार अपराधी बैजनाथ सिंह के घर में घुस गए और लूटपाट करने लगे, जिसे देख बैजनाथ सिंह इसका विरोध करने लगे। इसी क्रम में उन्हें गोली मार दी गई। बैजनाथ सिंह को जांघ में गोली लगी। डॉक्टर ने ऑपरेशन करके गोली को बाहर निकाल दिया। पुलिस ने घटनास्थल से एक खोखा भी बरामद किया है।

प्रारंभिक जांच में पुलिस को इस घटना में लूटपाट के अलावा कई और महत्वपूर्ण जानकारियां मिली हैं। शुरुआती पूछताछ में बुजुर्ग ने बताया है कि लूटपाट में गोली मारी गई है। उल्लेखानीय है कि जिस इलाके में फायरिंग की घटना हुई है, वह इलाका अफीम खेती एवं खरीद बिक्री के लिए चर्चित रहा है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0