पीएम आवास के लाभुक का पैसा पूर्व वार्ड पार्षद ने डकारा
पहली में 45 और दूसरी किस्त में 67 हजार निकाले
जल्द घर बनावा दूंगा : पूर्व वार्ड पार्षद शंभू राम
नीलू चौबे
श्री बंशीधर नगर : श्री बंशीधर नगर पंचायत क्षेत्र के वार्ड नंबर 7 में प्रधानमंत्री शहरी आवास योजना में भारी गड़बड़ी किये जाने का मामला सामने आया है। गड़बड़ी का आरोप कोई लाभुक पर नहीं बल्कि पूर्व वार्ड पार्षद शंभू राम पर लगा है। पूर्व वार्ड पार्षद ने लाभुक के बजाय स्वयं लाभुक के बैंक खाते से आवास योजना की राशि निकलवा कर डकार ली है।
जानकारी के अनुसार वार्ड नंबर 7 निवासी श्रवण भुईयां को लगभग पांच वर्ष पूर्व प्रधानमंत्री शहरी आवास योजना के तहत आवास की स्वीकृति मिली थी। योजना के तहत पहली किस्त के रूप में 45 हजार रुपये तथा दूसरी किस्त के रूप में 67 हजार 500 रुपये उसके बैंक खाते में भेजे गये थे।
लाभुक श्रवण भुईयां एवं उनकी पत्नी ममता देवी का आरोप है कि वार्ड पार्षद शंभू राम ने शुरुआत से ही उनका बैंक पासबुक और आधार कार्ड अपने कब्जे में रखा था। जब भी योजना की राशि खाते में आती वे किसी न किसी बहाने उन्हें बैंक ले जाते और राशि की निकासी कर अपने पास रख लेते। दंपति का कहना है कि उन्हें योजना की राशि का वास्तविक लाभ नहीं मिल सका है।
जिसके कारण कई वर्ष बीत जाने के बाद भी आवास निर्माण कार्य भी अधूरा रह गया। आवास केवल जमीन से लगभग छह फीट तीन ओर की ऊंची दीवार खड़ी की गई है। वे लोग किसी तरह जीवन बिता रहे हैं।
पैसा रखा हूं मकान बना दूंगा : पूर्व वार्ड पार्षद
इस संबंध में पूछने पर पूर्व वार्ड पार्षद शंभू राम ने गड़बड़ी किये जाने की बात स्वीकार करते हुये कहा कि वे आवास योजना के दो किस्त की राशि निकासी किये हैं और वह पैसा अपने पास रखे हैं। उन्होंने कहा कि जल्द ही लाभुक का आवास निर्माण कार्य पूरा करा देंगे।
मामला गंभीर है, जांच कर होगी कार्रवाई : कार्यपालक पदाधिकारी
इस संबंध में पूछने पर नपं के कार्यपालक पदाधिकारी राजकमल ने कहा कि पूर्व वार्ड पार्षद के द्वारा आवास के मामले में गड़बड़ी किये जाने का मामला सामने आया है जो काफी गंभीर है। उन्होंने कहा कि मामले की जांच कर दोषी के विरुद्ध विधि सम्मत कार्रवाई की जायेगी। दोषी को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जायेगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
1
Love
0
Funny
1
Angry
1
Sad
0
Wow
0