तिरंगा वाले शौकत खान को मिला आईकॉनिक पर्सनैलिटी ऑफ इंडिया सम्मान
बंशीधर न्यूज
गढ़वा : सामाजिक सेवा के क्षेत्र में सक्रिय और तिरंगा वाले के नाम से पहचान बना चुके गढ़वा के शौकत खान को पटना में आयोजित एक समारोह में आईकॉनिक पर्सनैलिटी ऑफ इंडिया-2026 सम्मान से सम्मानित किया गया। होटल ताज में आयोजित कार्यक्रम में हिंदी फिल्म अभिनेत्री ईशा देओल ने उन्हें यह सम्मान प्रदान किया। इस अवसर पर उन्हें नेशनल सोशल सर्विस एक्सीलेंस अवार्ड से भी नवाजा गया।
कार्यक्रम में देश के विभिन्न राज्यों से आये समाजसेवियों एवं अन्य विशिष्ट अतिथियों ने भाग लिया। समारोह के दौरान वक्ताओं ने शौकत खान के नि:स्वार्थ सामाजिक कार्यों की सराहना की और समाज के प्रति उनके योगदान को प्रेरणादायी बताया। सम्मान प्राप्त करने के बाद शौकत खान ने कहा कि यह राष्ट्रीय सम्मान गढ़वा जिले के लोगों, जरूरतमंदों की दुआओं तथा मीडिया कर्मियों के सहयोग को समर्पित है।
उन्होंने आयोजन संस्था बीआईबी के डायरेक्टर आलोक सिंह, श्रीकांत सिंह एवं पूरी टीम के प्रति आभार व्यक्त करते हुये कहा कि उन्हें कई बार सम्मानित कर संस्था ने उनके सेवा कार्यों का उत्साह बढ़ाया है। शौकत ने बताया कि लगभग 13 वर्ष पूर्व उन्होंने भारतीय सेना और शहीदों के सम्मान में राष्ट्रीय तिरंगा सम्मान समारोह की शुरुआत की थी। समय के साथ यह अभियान राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचा।
उनके अनुसार अब तक तीन लाख से अधिक लोगों को राष्ट्रीय ध्वज भेंट किया जा चुका है, जिसके कारण उन्हें ‘तिरंगा वाले शौकत भाईजान’ के नाम से पहचान मिली। उन्होंने बताया कि समाज के गरीब एवं जरूरतमंद लोगों की सहायता के उद्देश्य से गढ़वा में निःशुल्क कपड़ा बैंक, सत्तू बैंक, चावल बैंक और पुस्तक बैंक की शुरुआत की गई।
उनके अनुसार पिछले दस वर्षों में इन प्रयासों के माध्यम से दस लाख से अधिक जरूरतमंद लोगों तक सहायता पहुंचाई गई है। उन्होंने कहा कि उनके सेवा कार्यों में पुत्र साजिद खान, पत्नी तथा बेटियों का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0