हाई वोल्टेज तार की चपेट में आने से बस की छत पर बैठे चार बाराती झुलसे

May 9, 2026 - 13:08
हाई वोल्टेज तार की चपेट में आने से बस की छत पर बैठे चार बाराती झुलसे

बंशीधर न्यूज

पलामू: पलामू जिले के पांकी थाना क्षेत्र के गढ़गांव पुलिया के समीप शुक्रवार रात एक बड़ा हादसा हो गया। 11 हजार हाई वोल्टेज बिजली तार की चपेट में आने से बारात जा रहे चार लोग गंभीर रूप से झुलस गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। पांकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रात 12.30 बजे एमएमसीएच में भर्ती कराया गया है।

जानकारी के अनुसार जिले के पाटन थाना क्षेत्र के मालगाड़ा गांव से एक बस में सवार होकर बाराती चतरा के रिमी रामपुर, लावालौंग जा रहे थे। इसी दौरान पांकी थाना क्षेत्र के गढ़गांव पुलिया के पास सड़क पर झूल रहे 11 हजार वोल्ट बिजली तार से बस सट गई। हादसे के समय चारों युवक बस की छत पर बैठे हुए थे, जो करंट की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गए।

घायलों की पहचान प्रमोद कुमार यादव, राजेश कुमार, रंजन कुमार यादव एवं बिनोद कुमार यादव के रूप में हुई है। घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पांकी पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए एमएमसीएच मेदिनीनगर रेफर कर दिया। स्थानीय लोगों ने घटना के लिए बिजली विभाग की लापरवाही को जिम्मेदार ठहराया है।

लोगों का कहना है कि सड़क पर लंबे समय से बिजली तार झूल रहे हैं, लेकिन विभाग की ओर दे इसे दुरुस्त नहीं कराया गया, जिसके कारण यह हादसा हुआ। झूलते तार की मरम्मत करने का आग्रह किया गया है ताकि दोबारा से ऐसी घटना ना हो।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0