अब मुख्यालय छोड़कर नहीं रह सकेंगे बीडीओ-सीओ, 14 अगस्त तक आवासित होने का निर्देश

Aug 8, 2026 - 20:18
अब मुख्यालय छोड़कर नहीं रह सकेंगे बीडीओ-सीओ, 14 अगस्त तक आवासित होने का निर्देश

बंशीधर न्यूज

गढ़वा : जिले में सरकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और आम लोगों की समस्याओं के त्वरित समाधान को लेकर डीसी पशुपति नाथ मिश्रा ने सख्त कदम उठाया है। उन्होंने जिले के सभी बीडीओ एवं सीओ को अपने-अपने प्रखंड-सह-अंचल मुख्यालय में अनिवार्य रूप से आवासित रहने का निर्देश दिया है। डीसी ने कहा कि पदाधिकारियों और कर्मचारियों की कार्यालय अवधि में नियमित उपस्थिति के साथ मुख्यालय में रहना प्रशासनिक व्यवस्था की मूल आवश्यकता है।

मुख्यालय में पदाधिकारी के रहने से सरकारी योजनाओं का समय पर क्रियान्वयन, आमजनों की समस्याओं का त्वरित समाधान तथा अधीनस्थ कर्मियों के कार्यों का प्रभावी अनुश्रवण सुनिश्चित होता है। दरअसल डीसी को लगातार यह सूचना मिल रही थी कि कई बीडीओ और सीओ अपने निर्धारित मुख्यालय में नहीं रहकर जिला अथवा अनुमंडल मुख्यालय से आवागमन कर रहे हैं।

जबकि जिले के सभी प्रखंड-सह-अंचल मुख्यालयों में पदाधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिये सरकारी आवास उपलब्ध हैं। इसे गंभीरता से लेते हुये डीसी ने निर्देश दिया है कि जो भी बीडीओ एवं सीओ वर्तमान में अपने मुख्यालय में आवासित नहीं हैं, वे 14 अगस्त 2026 तक हर हाल में अपने-अपने मुख्यालय में रहना सुनिश्चित करें। साथ ही सभी पदाधिकारियों को मुख्यालय में आवासित होने संबंधी प्रतिवेदन भी 14 अगस्त तक जिला गोपनीय शाखा गढ़वा में उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है।

डीसी ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि 15 अगस्त के बाद यदि किसी पदाधिकारी के मुख्यालय में नहीं रहने की पुष्टि होती है, तो उसके विरुद्ध नियमानुसार कठोर प्रशासनिक कार्रवाई की जायेगी। उन्होंने सभी पदाधिकारियों को निर्देशों का अक्षरशः पालन करने तथा जनहित को सर्वाेच्च प्राथमिकता देने को कहा है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0