विद्युत करंट की चपेट में आने से युवक की मौत

Aug 3, 2026 - 21:08
विद्युत करंट की चपेट में आने से युवक की मौत

बंशीधर न्यूज

कांडी : कांडी थाना क्षेत्र के सरकोनी पंचायत अंतर्गत सेमौरा गांव में सोमवार सुबह करीब 8 बजे एक दर्दनाक हादसे में 26 वर्षीय युवक की 440 वोल्ट बिजली लाइन की चपेट में आने से मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसर गया। मृतक की पहचान रवि शंकर प्रसाद सोनी (26 वर्ष), पिता– अशोक प्रसाद सोनी, निवासी सेमौरा के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार रवि शंकर प्रसाद सोनी अपने नए मकान की छत की ढलाई का कार्य करा रहे थे। घर के बिल्कुल समीप से गुजर रही 440 वोल्ट की विद्युत लाइन के संपर्क में आने से उन्हें जोरदार करंट लगा और वे छत से नीचे गिर पड़े। परिजन और ग्रामीण तत्काल उन्हें वाहन से रेफरल अस्पताल मझिआंव लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।

इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए गढ़वा सदर अस्पताल भेजा गया। सरकोनी पंचायत के मुखिया सुबोध वर्मा ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि बिजली की चपेट में आने के कारण युवक की मौके पर ही गंभीर स्थिति हो गई थी। अस्पताल पहुंचने तक उसकी जान नहीं बच सकी। हादसे ने परिवार की खुशियां पलभर में उजाड़ दीं। बताया जाता है कि रवि शंकर की शादी पिछले वर्ष ही हुई थी और उनकी पत्नी गर्भवती है।

घटना के बाद पत्नी व परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में शोक का माहौल है। घटना के बाद परिजनों ने प्रशासन और बिजली विभाग से आर्थिक सहायता एवं उचित मुआवजा देने की मांग की है।

ग्रामीणों का कहना है कि आबादी के बीच से गुजर रही जर्जर और खतरनाक बिजली लाइनों के कारण हमेशा हादसे की आशंका बनी रहती है। 

लोगों ने प्रशासन से मामले की जांच कर जिम्मेदारी तय करने तथा भविष्य में ऐसे हादसों की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने की मांग की है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0