प्राकृतिक आपदाओं से फसल नुकसान की भरपाई देगा बीमा, किसानों से जल्द जुड़ने की अपील
बंशीधर न्यूज
गढ़वा : किसानों को प्राकृतिक आपदाओं से होने वाले फसल नुकसान से आर्थिक सुरक्षा देने के उद्देश्य से गुरुवार को गढ़वा समाहरणालय परिसर से बिरसा प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के प्रचार-प्रसार के लिये जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। डीसी पशुपति नाथ मिश्रा ने रथ को रवाना करते हुये किसानों से समय रहते अपनी अधिसूचित फसलों का बीमा कराने की अपील की।
डीसी ने कहा कि सूखा, बाढ़, ओलावृष्टि, असामान्य वर्षा, कीट एवं रोग जैसी प्राकृतिक परिस्थितियों में फसल क्षति होने पर यह योजना किसानों को आर्थिक संबल प्रदान करेगी। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार ने प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना को बिरसा प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के नाम से लागू किया है। खरीफ 2026 में अगहनी धान व भदई मक्का तथा रबी 2026-27 में गेहूं, आलू, राई-सरसों और चना को अधिसूचित फसलों में शामिल किया गया है।
गढ़वा जिले में 1,12,998 किसानों को योजना से जोड़ने तथा 70,926 हेक्टेयर कृषि भूमि को बीमा के दायरे में लाने का लक्ष्य रखा गया है। अब तक 6,230 किसानों ने अपनी फसलों का बीमा कराया है। योजना की विशेषता यह है कि किसानों को केवल एक रुपये का टोकन प्रीमियम देना होगा, जबकि शेष प्रीमियम का वहन सरकार करेगी।
जागरूकता रथ जिले के सभी प्रखंडों और पंचायतों में भ्रमण कर किसानों को योजना के लाभ, आवेदन प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेज तथा फसल क्षति की सूचना दर्ज कराने की प्रक्रिया की जानकारी देगा। जिला प्रशासन ने किसानों से अंतिम तिथि का इंतजार किये बिना शीघ्र बीमा कराने की अपील की।
मौके पर डीडीसी प्रेमलता मुर्मू, एसी विकास कुमार राय, जिला सहकारिता पदाधिकारी नीलम कुमारी, सीएससी मैनेजर मनीष कुमार, कौशल किशोर, एआरसीएस के प्रतिनिधि सुनील कुमार, एसबीआई जनरल इंश्योरेंस के प्रतिनिधि सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0