करंट लगने से मिस्त्री की मौत

Mar 21, 2026 - 18:20
करंट लगने से मिस्त्री की मौत

बंशीधर न्यूज

पलामू: बिजली लाइन की मरम्मत के दौरान एक मिस्त्री की जान चली गई। मृतक की पहचान नावाबाजार थाना क्षेत्र के तुकबेरा गांव निवासी नागेंद्र पासवान (४०) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार शुक्रवार शाम तेज आंधी और बारिश के कारण 33 हजार वोल्ट की बिजली लाइन में खराबी आ गई थी, जिससे तुकबेरा-पाटन इलाके की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई थी।

बिजली आपूर्ति बहाल करने के लिए नागेंद्र पासवान को पड़वा थाना क्षेत्र के पाटन मोड़ के पास मरम्मत कार्य के लिए भेजा गया। रात करीब ०8 बजे वह बिजली के खंभे पर चढ़कर लाइन ठीक करने में जुटे थे। बताया जा रहा है कि काम शुरू करने से पहले बिजली आपूर्ति बंद कर दी गई थी। इसके बावजूद अचानक तार में करंट प्रवाहित हो गया।

आशंका जताई जा रही है कि आकाशीय बिजली गिरने के कारण यह स्थिति बनी। करंट लगते ही नागेंद्र पासवान का संतुलन बिगड़ गया और वह खंभे से नीचे गिर पड़े, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों और परिजनों ने आनन-फानन में उन्हें मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

शनिवार को बिजली विभाग के सहायक अभियंता ग्रामीण विकास कुमार सहित अन्य कर्मी अस्पताल पहुंचे और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की गई। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। एसडीओ ने बताया कि खराब मौसम के कारण आई तकनीकी समस्या को ठीक करने के दौरान यह हादसा हुआ। विभागीय प्रावधानों के तहत मृतक के परिवार को मुआवजा देने की बात कही गई है।

सहायक विद्युत अभियंता ने बताया कि एजेंसी के माध्यम से पीएफ और इंश्योरेंस का भुगतान प्रभावित परिवार को किया जाएगा। पत्नी को मिस्त्री का वेतन पेंशन के रूपम में मिलेगी। बाकी अन्य नियमतः मुआवजा दिलाने का प्रयास किया जाएगा। परिवार के पुरुष सदस्य को कैजुअल पर नौकरी दी जाएगी।

अभी तत्काल एजेंसी के माध्यम से 25 हजार रुपये भेजा गया है। मौके पर मौजूद शिवकुमार सिंह सहित अन्य कर्मियों ने बिजली व्यवस्था में सुधार करने, पत्नी को नौकरी, बच्चों को पढ़ाने का खर्च और 10 लाख रुपये मुआवजा की मांग की।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0