भाजपा ने नवनियुक्त मंडल अध्यक्ष व जिला कमेटी के पदाधिकारियों को किया सम्मानित

Jul 12, 2026 - 18:37
भाजपा ने नवनियुक्त मंडल अध्यक्ष व जिला कमेटी के पदाधिकारियों को किया सम्मानित

पूर्व मंत्री भानू ने हेमंत सरकार पर साधा निशाना कहा, राज्य में कानून-व्यवस्था हुई कमजोर

बंशीधर न्यूज

श्री बंशीधर नगर : भाजपा की ओर से रविवार को यहां स्टेशन रोड स्थित सिद्धि होटल में सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में पूर्व मंत्री व भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष भानू प्रताप शाही ने भवनाथपुर विधानसभा क्षेत्र के नवनियुक्त मंडल अध्यक्षों एवं जिला कमेटी के पदाधिकारियों को माला पहनाकर एवं अंगवस्त्र भेंटकर सम्मानित किया।

उस मौके पर पूर्व मंत्री भानू प्रताप शाही ने कहा की किसी भी राजनीतिक दल की सबसे बड़ी ताकत उसके समर्पित कार्यकर्ता होते हैं। उन्होंने नवनियुक्त पदाधिकारियों से संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने एवं जनता के बीच सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की। श्री शाही ने कार्यकर्ताओं से आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारी में जुटने की अपील करते हुये कहा कि अभी से ही 2029 की तैयारी शुरू करनी है और हेमंत सरकार को सत्ता से हटाकर झारखंड में भाजपा की सरकार बनानी है।

उन्होंने राज्य सरकार पर निशाना साधते हुये कहा कि हेमंत सोरेन सरकार पलामू प्रमंडल के लोगों के साथ छल कर रही है। क्षेत्र की पहचान रही पलामुआ भाषा की उपेक्षा की जा रही है। जबकि पलामू क्षेत्र से चार-चार विधायक हैं, उसके बावजूद इस मुद्दे पर कोई प्रभावी आवाज नहीं उठाई जा रही है। श्री शाही ने राज्य में बढ़ते अपराधों का भी मुद्दा उठाते हुये कहा कि वर्तमान सरकार के कार्यकाल में कानून-व्यवस्था कमजोर हुई है।

साथ ही पश्चिम बंगाल की राजनीतिक परिस्थितियों का उल्लेख करते हुये उन्होंने कहा कि जनता अन्याय का जवाब लोकतांत्रिक तरीके से देती है और झारखंड की जनता भी सब कुछ देख रही है।

समारोह में जिलाध्यक्ष उदय कुशवाहा, जिला प्रभारी पंकज कुमार सिंह, पूर्व सांसद घूरन राम, अजामो के जिलाध्यक्ष लक्ष्मण राम, जिला मंत्री जोखू सिंह, शैलेश चौबे, राजेश जायसवाल, कुमार कनिष्क, विकास पांडेय सहित बड़ी संख्या में भाजपा के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।

संचालन जिला महामंत्री मुकेश कुमार चौबे ने किया। कार्यक्रम का समापन संगठन को और अधिक मजबूत बनाने तथा आगामी राजनीतिक चुनौतियों का एकजुट होकर सामना करने के संकल्प के साथ हुआ।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 1
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0