मंडल डैम विस्थापितों के पुनर्वास में नहीं होगी देरी, डीपीआर जल्द भेजने का डीसी ने दिया निर्देश

Jul 9, 2026 - 20:26
मंडल डैम विस्थापितों के पुनर्वास में नहीं होगी देरी, डीपीआर जल्द भेजने का डीसी ने दिया निर्देश

बंशीधर न्यूज

गढ़वा : डीसी-सह-जिला दंडाधिकारी पशुपति नाथ मिश्रा की अध्यक्षता में गुरुवार को समाहरणालय स्थित कार्यालय वेश्म में शहीद नीलांबर-पीतांबर उत्तर कोयल परियोजना (मंडल डैम) से प्रभावित परिवारों के पुनर्वास कार्यों को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रस्तावित पुनर्वास स्थलों पर उपलब्ध कराई जाने वाली मूलभूत सुविधाओं से संबंधित विभिन्न विभागों के प्रस्ताव एवं विस्तृत परियोजना प्रतिवेदन (डीपीआर) की विस्तार से समीक्षा की गई।

बैठक में रंका अंचल के विश्रामपुर तथा रमकंडा अंचल के बलीगढ़ में विकसित किये जाने वाले पुनर्वास स्थलों पर बुनियादी सुविधाओं की उपलब्धता को लेकर विभिन्न विभागों की तैयारियों पर चर्चा हुई। डीसी ने संबंधित अधिकारियों को प्रस्तावों एवं डीपीआर का पुनः सूक्ष्म परीक्षण कर आवश्यक संशोधन के बाद शीघ्र विभाग को भेजने का निर्देश दिया।

समीक्षा के दौरान लघु सिंचाई प्रमंडल द्वारा सिंचाई व्यवस्था, चेक डैम एवं तालाब निर्माण, विद्युत प्रमंडल द्वारा विद्युत अधोसंरचना, भवन निर्माण विभाग द्वारा स्वास्थ्य उपकेंद्र एवं शहीद नीलांबर-पीतांबर पार्क, ग्रामीण कार्य विभाग द्वारा सड़क निर्माण, पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल द्वारा पेयजल आपूर्ति, शिक्षा विभाग द्वारा प्राथमिक एवं उच्च विद्यालय की स्थापना, पंचायती राज विभाग द्वारा सभा भवन, बाजार शेड एवं हाट-बाजार तथा कल्याण विभाग द्वारा धुमकुड़िया भवन, कब्रिस्तान, सरना, मसना, हड़गड़ी स्थलों की घेराबंदी, पूजा स्थल एवं श्मशान घाट निर्माण से जुड़े प्रस्तावों की बिंदुवार समीक्षा की गई।

इसके अलावा समाज कल्याण विभाग द्वारा आंगनबाड़ी केंद्र निर्माण की योजनाओं पर भी चर्चा हुई। डीसी ने कहा कि मंडल डैम परियोजना से विस्थापित परिवारों को पुनर्वास स्थलों पर सभी आवश्यक मूलभूत सुविधाएं समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण तरीके से उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की सर्वाेच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुये विकास कार्यों को शीघ्र प्रारंभ कराने की दिशा में आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया।

बैठक में एसी विकास कुमार राय, भवन निर्माण विभाग के कार्यपालक अभियंता प्रेमलाल सिंह, पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता, जिला कल्याण पदाधिकारी धीरज प्रकाश, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी, जिला शिक्षा अधीक्षक सहित विभिन्न विभागों के वरीय पदाधिकारी उपस्थित थे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0