मासिक अपराध गोष्ठी में एसपी ने दिये कड़े निर्देश

Feb 13, 2026 - 19:01
मासिक अपराध गोष्ठी में एसपी ने दिये कड़े निर्देश

बंशीधर न्यूज

गढ़वा : एसपी अमन कुमार की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित कार्यालय के सभागार में मासिक अपराध गोष्ठी का आयोजन किया गया। गोष्ठी में जिले की विधि-व्यवस्था, लंबित कांडों एवं आगामी पर्व-त्योहारों को लेकर विस्तृत समीक्षा की गई। एसपी ने जिले में हुई चोरी की घटनाओं का शीघ्र उद्भेदन सुनिश्चित करने, लाउडस्पीकर एवं डीजे पर पूर्ण प्रतिबंध सख्ती से लागू करने का निर्देश दिया।

साथ ही थाना स्तर पर प्रत्येक सोमवार को थाना प्रभारी द्वारा संबंधित पुलिस पदाधिकारियों का परफॉर्मेंस ऑडिट करने तथा सभी लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन पर विशेष जोर दिया गया। आगामी महाशिवरात्रि पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिये सभी आवश्यक सुरक्षात्मक उपाय करने का निर्देश दिया गया। इसके अलावा नगर निगम चुनाव को भयमुक्त एवं शांत माहौल में संपन्न कराने को लेकर भी रणनीति तय की गई।

गोष्ठी में पॉक्सो से संबंधित लंबित मामलों का समयबद्ध निष्पादन, हिट एंड रन मामलों में मुआवजा प्रस्ताव ससमय भेजने, सड़क सुरक्षा को लेकर जागरूकता अभियान चलाने तथा ब्लैक स्पॉट चिन्हित कर दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिये विशेष उपाय करने के निर्देश दिये गये। एसपी ने पुराने लंबित कांडों के त्वरित निष्पादन, नियमित सघन वाहन चेकिंग अभियान, एससी/एसटी कांडों में मुआवजा प्रस्ताव भेजने, कैदियों की फिंगर प्रिंट प्रविष्टि, पोस्टमार्टम रिपोर्ट ससमय प्राप्त करने एवं ड्रंक ड्राईविंग, चोरी, लूट, डकैती, आर्म्स एक्ट, एनडीपीएस, आईटी एक्ट, साईबर अपराध से जुड़े मामलों में तेजी लाने का निर्देश दिया।

इसके साथ ही पेट्रोलिंग पार्टी की QR कोड के माध्यम से निगरानी, ई-साक्ष्य पोर्टल पर कांडों की प्रविष्टि, वारंट-कुर्की निष्पादन तथा विभिन्न ऑनलाईन पोर्टलों में थानावार अद्यतन प्रविष्टि सुनिश्चित करने को कहा गया। गोष्ठी के अंत में एसपी ने सभी थाना एवं ओपी प्रभारियों को निर्देश दिया कि अनुसंधान की गुणवत्ता में सुधार लाते हुये समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करें, ताकि आम जनता का पुलिस पर विश्वास और मजबूत हो सके।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0