अवैध खनन पर रोक को लेकर टास्क फोर्स की बैठक, परिवहन और भंडारण पर सख्त कार्रवाई के निर्देश
बंशीधर न्यूज
गढ़वा : जिले में अवैध खनन, अवैध परिवहन एवं अवैध भंडारण पर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से सोमवार को समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में जिला स्तरीय टास्क फोर्स की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता डीसी दिनेश यादव ने की। बैठक में जिले में बढ़ते अवैध खनन पर गहरी चिंता जताते हुये इसे पूरी तरह रोकने के लिये ठोस और समन्वित कार्रवाई पर जोर दिया गया।
बैठक के दौरान अब तक अवैध खनन के विरुद्ध की गई कार्रवाई की विस्तार से समीक्षा की गई। डीसी ने सभी अंचल अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों से उनके-अपने क्षेत्रों में अवैध खनन की मौजूदा स्थिति, संवेदनशील क्षेत्रों की पहचान तथा अब तक की गई कार्रवाई का ब्योरा प्राप्त किया। उन्होंने निर्देश दिया कि जमीनी स्तर पर निगरानी को और मजबूत किया जाय तथा नियमित रूप से छापेमारी अभियान चलाया जाय।
बैठक में अवैध खनन और परिवहन में संलिप्त वाहनों पर कड़ी कार्रवाई का निर्णय लिया गया। इसके तहत पहली बार पकड़े जाने पर संबंधित वाहन मालिक या चालक पर 50 हजार रूपये का जुर्माना लगाने का प्रावधान किया गया है। जबकि दोबारा संलिप्त पाये जाने पर संबंधित के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जायेगी। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि नियमों के उल्लंघन पर किसी भी प्रकार की ढिलाई नहीं बरती जायेगी।
डीसी श्री यादव ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि जिले में अवैध खनन किसी भी परिस्थिति में स्वीकार्य नहीं होगा। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ संयुक्त अभियान चलाने का निर्देश दिया, ताकि एक साथ प्रभावी कार्रवाई की जा सके। उन्होंने कहा कि खनन विभाग, पुलिस प्रशासन और अंचल स्तर के अधिकारियों के बीच बेहतर तालमेल से ही अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाया जा सकता है। उन्होंने निर्देश दिया कि प्राप्त शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाय और दोषियों के खिलाफ सख्त कदम उठाये जाएं।
अधिकारियों को नियमित रूप से क्षेत्र भ्रमण करने, संवेदनशील इलाकों की पहचान कर वहां विशेष निगरानी रखने तथा कार्रवाई के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन करने पर विशेष जोर दिया गया। बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि सभी अधिकारी निर्धारित समय पर मासिक प्रगति रिपोर्ट के साथ बैठक में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहें।
साथ ही अनुमंडल स्तर पर निगरानी तंत्र को और अधिक सुदृढ़ बनाने के निर्देश दिये गये, ताकि स्थानीय स्तर पर भी प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सके। बैठक में एसपी अमन कुमार, डीएसपी यशोधरा, जिला खनन पदाधिकारी राजेंद्र उरांव सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0