किशोरी का शव कुएं में मिला, प्रेम-प्रसंग में हत्या की आशंका

Apr 8, 2026 - 18:09
किशोरी का शव कुएं में मिला, प्रेम-प्रसंग में हत्या की आशंका

बंशीधर न्यूज

पलामू: जिले के तरहसी थाना क्षेत्र के उदयपुरा वन पंचायत अंतर्गत नावाडीह गांव में 12 घंटे से लापता किशोरी का शव कुएं से बरामद किया गया। मृतका की पहचान इसी गांव के रेशमा कुमारी (15) के रूप में हुई है। वह नौवीं कक्षा की पढ़ती थी। रेशमा मंगलवार शाम घर से टयूशन पढने जाने के लिए निकली थी और लापता हो गयी थी। देर रात तक घर नहीं लौटने पर परिजनों और ग्रामीणों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।

बुधवार सुबह शौच के लिए खेत की ओर जा रहे ग्रामीणों की नजर गांव के एक सिंचाई कुएं के पास चप्पल और दुपट्टे पर पड़ी। संदेह होने पर जब कुएं में झांका गया, तो अंदर रेशमा का शव तैरता हुआ मिला। यह कुआं मृतका के घर से महज दो सौ मीटर की दूरी पर स्थित है। ग्रामीणों की मदद से शव को कुएं से बाहर निकाला गया और तत्काल घटना की सूचना पुलिस को दी गई।

सूचना मिलते ही तरहसी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए मेदिनीनगर स्थित एमएमसीएच भेज दिया। घटना को लेकर परिजनों ने रेशमा की हत्या की आशंका जताई है। उनका कहना है कि रेशमा का गांव के ही एक युवक से प्रेम संबंध था और उसी युवक ने उसे बुलाया था। परिजनों ने मामले की गहन जांच कर दोषी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

इधर, पुलिस मामले की हर पहलू से जांच में जुट गई है। तरहसी थाना प्रभारी आनन्द राम का कहना है कि यह हत्या है या हादसा, इसकी पड़ताल की जा रही है। इधर, उदयपुरा वन के मुखिया प्रवीण पांडेय ने अपराधियों पर जल्द कार्रवाई का आग्रह किया है। उन्होंने कहा कि कार्रवाई में देरी होने पर आरोपित फरार हो जाते हैं। ऐसे में मामले में पुलिस तत्परता दिखाए। उन्होंने घटना पर दुख व्यक्त किया।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0