हेमंत सोरेन के बयान पर बवाल, भाजपा ने पुतला दहन कर जताया विरोध

Mar 19, 2026 - 19:43
हेमंत सोरेन के बयान पर बवाल, भाजपा ने पुतला दहन कर जताया विरोध

बंशीधर न्यूज

गढ़वा : झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के विधानसभा में दिये गये कथित बयान को लेकर राज्य में सियासी पारा चढ़ गया है। इसी क्रम में गुरुवार को शहर के रंका मोड़ पर भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। विधायक सत्येंद्रनाथ तिवारी के नेतृत्व में दर्जनों कार्यकर्ता और पदाधिकारी सड़क पर उतरे और मुख्यमंत्री का पुतला दहन कर आक्रोश व्यक्त किया।

प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने सरकार और मुख्यमंत्री के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। माहौल काफी देर तक गर्म रहा और कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री से अपने बयान को वापस लेने तथा सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि मुख्यमंत्री द्वारा देवी-देवताओं को लेकर की गई टिप्पणी हिंदू आस्था को ठेस पहुंचाने वाली है, जिससे समाज में गलत संदेश जा रहा है।

मौके पर विधायक सत्येंद्रनाथ तिवारी ने कहा कि मुख्यमंत्री ने विधानसभा के पटल पर यह टिप्पणी की कि सरस्वती पूजा के बावजूद प्रतिभाशाली लोग विदेशों में क्यों पैदा होते हैं और लक्ष्मी पूजा के बावजूद अमीर लोग अन्य देशों में क्यों होते हैं। उन्होंने कहा कि इस तरह की टिप्पणी आस्था और धार्मिक भावनाओं पर सीधा प्रहार है, जिसे किसी भी स्थिति में उचित नहीं ठहराया जा सकता।

विधायक ने कहा कि जो व्यक्ति देवी-देवताओं का अपमान करता है, उसका पतन निश्चित है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस बयान से जनता के बीच गलत संदेश गया है और भाजपा इस मुद्दे को चुप बैठकर नहीं रहने देगी। उन्होंने कहा कि पार्टी इस विषय को पूरे प्रदेश में उठायेगी और जन-जन तक इस विरोध को पहुंचाया जायेगा।

विरोध प्रदर्शन के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि मुख्यमंत्री अपने बयान पर स्थिति स्पष्ट नहीं करते हैं और माफी नहीं मांगते हैं, तो आंदोलन को और तेज किया जायेगा। साथ ही कार्यकर्ताओं ने इसे लेकर सरकार के खिलाफ चरणबद्ध आंदोलन की भी बात कही। मौके पर कई अन्य भाजपा नेता व कार्यकर्ता उपस्थित थे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0