विधानसभा के अनागत प्रश्नों का समयबद्ध व तथ्यपरक जवाब दें अधिकारी : सुरेश पासवान
बंशीधर न्यूज
गढ़वा : झारखंड विधानसभा की अनागत प्रश्न क्रियान्वयन समिति की समीक्षा बैठक बुधवार को गढ़वा परिसदन (सर्किट हाउस) सभागार में समिति के अध्यक्ष सुरेश पासवान की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में विभिन्न विभागों से संबंधित विधानसभा के अनागत प्रश्नों के निष्पादन की अद्यतन स्थिति की समीक्षा करते हुये अधिकारियों को लंबित मामलों का शीघ्र निस्तारण करने और समयबद्ध एवं तथ्यपरक जवाब उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया।
बैठक के दौरान समिति अध्यक्ष सुरेश पासवान ने कहा कि विधानसभा से प्राप्त प्रत्येक अनागत प्रश्न का गुणवत्तापूर्ण एवं तथ्यों पर आधारित उत्तर निर्धारित समय-सीमा के भीतर उपलब्ध कराना सभी विभागों की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि विधानसभा से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जायेगी। विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करें, ताकि सरकार की योजनाओं का लाभ आम जनता तक प्रभावी ढंग से पहुंचे।
समीक्षा बैठक में विशेष प्रमंडल, स्वास्थ्य, कृषि, पथ निर्माण, जल संसाधन, विद्युत, कल्याण, पर्यटन, खाद्य आपूर्ति, नगर विकास, खनन सहित विभिन्न विभागों की योजनाओं एवं विधानसभा के अनागत प्रश्नों पर अब तक की गई कार्रवाई की विस्तार से समीक्षा की गई। समिति ने विभागीय अधिकारियों से योजनाओं की प्रगति, लंबित मामलों और उनके निष्पादन की वर्तमान स्थिति की जानकारी प्राप्त की तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिये।
बैठक में सभी विभागों के वरीय अधिकारियों ने अपने-अपने विभाग से संबंधित अनागत प्रश्नों की अद्यतन स्थिति, प्रगति प्रतिवेदन एवं आवश्यक जानकारियां समिति के समक्ष प्रस्तुत कीं। समिति ने भविष्य में भी विधानसभा से प्राप्त होने वाले सभी प्रश्नों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण उत्तर उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया।
बैठक में अनागत प्रश्न क्रियान्वयन समिति के सदस्य नरेश प्रसाद सिंह, राम सूर्या मुंडा, दक्षिणी वन प्रमंडल पदाधिकारी ई.बी. अब्राहम, उप विकास आयुक्त प्रेमलता मुर्मू, अपर समाहर्ता विकास कुमार राय, गढ़वा एसडीओ कुमार मयंक भूषण, रंका एसडीओ परवेज आलम, श्री बंशीधर नगर एसडीओ प्रभाकर मिर्धा, जिला कल्याण पदाधिकारी धीरज प्रकाश, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी पंकज कुमार गिरि सहित विभिन्न विभागों के वरीय पदाधिकारी उपस्थित थे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0