पीएम श्री प्लस टू उच्च विद्यालय रतनाग में भवन निर्माण कार्य में अनियमितता, ग्रामीणों ने बंद कराया काम
16 के बजाय 12 एमएम स्टील लगाने का आरोप
बिना सरिया हटाये आगे कार्य नहीं होगा : जेई
बंशीधर न्यूज
पांडू : प्रखंड के रतनाग पीएम श्री स्तरोन्नत प्लस टू उच्च विद्यालय में अतिरिक्त वर्ग कक्ष निर्माण कार्य में अनियमितता का मामला सामने आया है। आरोप है कि निर्माण कार्य में निर्धारित मानकों की अनदेखी की जा रही है। इसे लेकर विद्यालय प्रबंधन समिति एवं ग्रामीणों ने शनिवार को निर्माण कार्य को बंद करा दिया है। ग्रामीणों और समिति के सदस्यों का कहना है कि कॉलम में 16 एमएम का सरिया लगाने के बजाय 12 एमएम का सरिया का इस्तेमाल किया जा रहा है।
वहीं जाली में भी 8 एमएम का सरिया लगाया जा रहा है जो स्वीकृत मानकों के अनुरूप नहीं है। ग्रामीणों ने दूरभाष पर इसकी जानकारी जेई आशीष कुमार गुप्ता को दी। इस पर जेई ने भी स्पष्ट किया कि कॉलम में 16 एमएम का सरिया ही लगाया जाना चाहिये। इसके बाद ग्रामीणों ने जेई और संवेदक को स्थल पर आकर जांच करने तथा कार्य में सुधार कराने के बाद ही निर्माण कार्य शुरू करने की बात कही।
जेई ने यह भी कहा कि संवेदक को 12 एमएम का सरिया हटाकर 16 एमएम का सरिया लगाने का सख्त निर्देश दिया गया है। अगर ऐसा नहीं हुआ तो आवश्यक कार्रवाई की जायेगी। उन्होंने ग्रामीणों की शिकायत को जायज बताया है। उधर ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि जब तक निर्माण कार्य में गुणवत्ता और मानकों का पालन सुनिश्चित नहीं किया जाता, तब तक किसी भी हाल में निर्माण कार्य शुरू नहीं होने दिया जायेगा।
मौके पर विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष वीरकेश चौधरी, बीटन पासवान, जयकिशोर सिंह, अमित सिंह, नंदलाल सिंह, नरेश चौधरी, सुधीर विश्वकर्मा, श्याम सुंदर पासवान सहित कई ग्रामीण मौजूद थे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0