सड़क दुर्घटना में वार्ड पार्षद के बेटे की मौत
बंशीधर न्यूज
पलामू: मेदिनीनगर सदर थाना क्षेत्र के पाटन मोड़ स्थित फोरलेन सड़क पर हुए हादसे में मेदिनीनगर नगर निगम की वार्ड संख्या-1 की पार्षद मंजू देवी के 23 वर्षीय पुत्र कुश कुमार की मौत हो गई। हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर फैल गई है। यह सड़क हादसा रविवार देर रात हुआ। हादसे के वक्त कुश कुमार अपनी बाइक से पाटन मोड़ की ओर जा रहे थे।
इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रही एक अन्य बाइक से उनकी जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कुश कुमार के सिर में गंभीर चोट लग गई और उन्होंने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद स्थानीय लोगों की मदद से कुश कुमार को तुरंत मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल (एमएमसीएच) पहुंचाया गया। हालांकि, वहां मौजूद डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंचे, जहां उनका रो-रोकर बुरा हाल हो गया। दूसरी बाइक पर सवार लोग हादसे के बाद मौके से फरार हो गए। इसके कारण उनकी पहचान करना पुलिस के लिए चुनौती बना हुआ है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि फरार बाइक सवारों की पहचान की जा सके।
रविवार देर रात ही शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया। सोमवार दोपहर सिंगरा गांव स्थित कोयल नदी तट पर कुश कुमार का अंतिम संस्कार किया गया, जहां बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। मृतक कुश कुमार के पिता इंद्रदेव राम भी पूर्व में वार्ड पार्षद रह चुके हैं।
हादसे की खबर मिलते ही डिप्टी मेयर मनोज सिंह, पूर्व डिप्टी मेयर मंगल सिंह समेत कई जनप्रतिनिधि और स्थानीय लोग एमएमसीएच पहुंचे तथा परिजनों को सांत्वना दी। इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में मातम पसरा हुआ है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0