डालटनगंज-गढ़वा रोड से मुंबई के लिए साप्ताहिक ट्रेन सेवा 07 अप्रैल से होगी शुरू

Apr 4, 2026 - 17:45
डालटनगंज-गढ़वा रोड से मुंबई के लिए साप्ताहिक ट्रेन सेवा 07 अप्रैल से होगी शुरू

बंशीधर न्यूज

पलामू: पलामू संसदीय क्षेत्र के लोगों के लिए रेलवे ने बड़ी राहत भरी खबर दी है। सांसद विष्णु दयाल राम (वीडी राम) के प्रयासों से लंबे समय से प्रतीक्षित डालटनगंज और गढ़वा रोड रेलवे स्टेशन से मुंबई के लिए सीधी ट्रेन सेवा को रेलवे बोर्ड ने मंजूरी दे दी है। अब धनबाद-लोकमान्य तिलक टर्मिनस एक्सप्रेस (13379/13380) को साप्ताहिक नियमित ट्रेन के रूप में संचालित किया जाएगा।

यह ट्रेन पहले ट्रायल के तौर पर स्पेशल सेवा के रूप में चलाई जा रही थी। इस निर्णय से पलामू सहित आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को सीधे मुंबई जाने की बड़ी सुविधा मिलेगी, जिससे समय और संसाधनों की बचत होगी। सांसद विष्णु दयाल राम ने इस ट्रेन के नियमित संचालन के लिए केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को पत्र लिखकर और व्यक्तिगत रूप से मुलाकात कर आग्रह किया था।

उनके लगातार प्रयासों के बाद यह स्वीकृति मिली है। रेलवे द्वारा इस सेवा का शुभारंभ 7 अप्रैल को तड़के सुबह 4:30 बजे डालटनगंज रेलवे स्टेशन पर आयोजित कार्यक्रम में किया जाएगा। इस मौके पर सांसद ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में क्षेत्रवासियों और कार्यकर्ताओं की भागीदारी की अपील की गई है।

सांसद ने इस उपलब्धि के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के प्रति पलामू की जनता की ओर से आभार व्यक्त किया है। सांसद के निजी सचिव अलख दूबे ने बताया कि यह नई ट्रेन सेवा न केवल आवागमन को सुगम बनाएगी, बल्कि क्षेत्र के विकास, व्यापारिक गतिविधियों और रोजगार के अवसरों को भी बढ़ावा देगी। उन्होंने इसे पलामू के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि और “मील का पत्थर” बताया।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0