सुरक्षित इंटरनेट दिवस पर कार्यशाला आयोजित

Feb 10, 2026 - 18:02
सुरक्षित इंटरनेट दिवस पर कार्यशाला आयोजित

एआई का जिम्मेदार उपयोग सिखाया गया

इंटरनेट और एआई का सुरक्षित, संतुलित और जिम्मेदार उपयोग आवश्यक : डीडीसी

बंशीधर न्यूज

गढ़वा : डीसी दिनेश यादव के निर्देश पर जिला सूचना एवं विज्ञान विभाग के तत्वावधान में मंगलवार को पंचायत भवन कल्याणपुर में स्मार्ट तकनीक, सुरक्षित विकल्प, एआई के सुरक्षित और जिम्मेदार उपयोग विषय पर एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया।

कार्यशाला का शुभारंभ डीडीसी पशुपतिनाथ मिश्रा, जिला सूचना-विज्ञान पदाधिकारी चंद्रशेखर पटेल, ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर शिवनारायण पासवान, सीएससी मैनेजर मनीष कुमार, कौशल किशोर और डीपीओ यूआईडी गिरीश्वर सिंह ने संयुक्त रूप से दीप जलाकर किया। मौके पर डीडीसी ने कहा कि आज एआई और इंटरनेट के युग में सुविधाएं बढ़ी हैं, लेकिन साईबर अपराध की संभावनाएं भी बढ़ गई हैं।

उन्होंने कहा कि इंटरनेट और एआई का सुरक्षित, संतुलित और जिम्मेदार उपयोग आवश्यक है। उन्होंने उपस्थित लोगों से साईबर सुरक्षा जागरूकता फैलाने और एआई का नैतिक उपयोग करने की शपथ दिलाई। कार्यशाला में डीपीओ यूआईडी गिरीश्वर सिंह और कौशल किशोर ने फिशिंग, फाईनेंशियल फ्रॉड, लॉटरी स्कैम, फेक एप्स, इन्वेस्टमेंट फ्रॉड, डिजिटल अरेस्ट, डीपफेक वीडियो जैसी आम साइबर थ्रेट्स के बारे में विस्तार से जानकारी दी।

साथ ही मोबाईल, कंप्यूटर और व्यक्तिगत डेटा सुरक्षित रखने के उपाय जैसे मजबूत पासवर्ड, दो-स्तरीय प्रमाणीकरण, सुरक्षित स्क्रीन लॉक, विश्वसनीय स्रोतों से एप डाउनलोड करना, संदिग्ध लिंक और ई-मेल से बचाव, सॉफ्टवेयर अपडेट आदि पर भी प्रकाश डाला गया।

कार्यक्रम का संचालन ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर शिवनारायण पासवान ने किया। मौके पर पंचायत के मुखिया अशोक चंद्रवंशी, स्वास्थ्य सहिया, आंगनबाड़ी सेविकाएं, विद्यालय की छात्राएं, प्रज्ञा केंद्र संचालक सहित काफी संख्या में लोग उपस्थित थे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0