17 लाभुकों को मिला वन पट्टा, आदिवासी संस्कृति की दिखी समृद्ध झलक
बंशीधर न्यूज
गढ़वा : विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर रविवार को स्थानीय नगर भवन में जिला प्रशासन की ओर से समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में वन अधिकार अधिनियम-2006 के तहत स्वीकृत व्यक्तिगत एवं सामुदायिक वन पट्टा के लाभुकों के बीच पट्टा वितरण के साथ जनजातीय सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किये गये।
कार्यक्रम में जिले की समृद्ध आदिवासी कला, संस्कृति, परंपरा और विरासत की झलक देखने को मिली। कार्यक्रम से पूर्व समाहरणालय परिसर स्थित राष्ट्रपिता महात्मा गांधी, बिरसा मुंडा हेलीपैड पार्क में भगवान बिरसा मुंडा तथा नगर भवन परिसर स्थित शहीद नीलांबर-पीतांबर की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी गई।
इसके बाद डीसी पशुपति नाथ मिश्रा, एसपी आशुतोष शेखर, डीडीसी प्रेमलता मुर्मू, वन प्रमंडल पदाधिकारी अंशुमान एवं ईबी अब्राहम समेत अन्य पदाधिकारियों ने संयुक्त रूप से दीप जलाकर कार्यक्रम का उद्घाटन किया। मौके पर डीसी श्री मिश्रा ने कहा कि विश्व आदिवासी दिवस जनजातीय समाज की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, परंपरा, ज्ञान और गौरवशाली इतिहास को सम्मान देने का अवसर है।
उन्होंने कहा कि अपनी सांस्कृतिक पहचान को संरक्षित कर उसे नई पीढ़ी तक पहुंचाना सभी की जिम्मेदारी है। एसपी ने कहा कि आदिवासी समाज को अपनी कला, संस्कृति और परंपराओं से जुड़े रहते हुये वैज्ञानिक सोच एवं आधुनिक शिक्षा को अपनाना चाहिये। इससे समाज और देश को आगे बढ़ाने में मदद मिलेगी। सांस्कृतिक कार्यक्रम में चिनिया, रंका, भंडरिया, रमकंडा, कांडी समेत विभिन्न विद्यालयों के करीब 100 छात्र-छात्राओं तथा जेएसएलपीएस की महिलाओं ने पारंपरिक नृत्य, गीत-संगीत और नाटक प्रस्तुत किया।
इसके बाद 13 लाभुकों के बीच 19 एकड़ व्यक्तिगत वन पट्टा तथा चार लाभुकों के बीच 1658 एकड़ सामुदायिक वन पट्टा वितरित किया गया। उत्कृष्ट कार्य करने वाले पदाधिकारियों, कर्मियों एवं अन्य लोगों को शॉल व पगड़ी देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम स्थल पर पारंपरिक जनजातीय खान-पान और शिल्प कला के स्टॉल भी लगाये गये। कार्यक्रम का संचालन जेएसएलपीएस के डीपीएम विमलेश कुमार शुक्ल ने किया।
एसडीओ कुमार मयंक भूषण ने धन्यवाद ज्ञापन किया। मौके पर एसी विकास कुमार राय, जिला कल्याण पदाधिकारी देवानंद राम, डीटीओ गोपी उरांव, डीईओ जगन्नाथ लोहरा, डीएसई अनुराग मिंज, डीपीआरओ पंकज कुमार गिरि, नगर परिषद अध्यक्ष आशीष कुमार सोनी समेत काफी संख्या में शिक्षक, विद्यार्थी और आम नागरिक उपस्थित थे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0