साहस और सेवा के लिये सुनील कुमार को मिला राष्ट्रीय तिरंगा सम्मान
बंशीधर न्यूज
गढ़वा : भारतीय सेना, झारखंड पुलिस और शहीदों के सम्मान में चलाये जा रहे हर घर तिरंगा अभियान के तहत रमना में राष्ट्रीय तिरंगा सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन राष्ट्रीय तिरंगा सम्मान समारोह एवं निःशुल्क बैंक के संस्थापक तिरंगा वाले शौकत खान और संचालक साजिद खान की ओर से किया गया। समारोह में रमना निवासी सुनील कुमार को उनके साहसिक और सराहनीय कार्यों के लिये सम्मानित किया गया।
सुनील कुमार अब तक सैकड़ों जहरीले और अन्य प्रजातियों के सांपों का रेस्क्यू कर चुके हैं। उन्होंने कई घरों, कार्यालयों और सार्वजनिक स्थानों से सांपों को सुरक्षित निकालकर लोगों की जान बचाई है। साथ ही वे लोगों को सांपों के प्रति जागरूक भी करते हैं। सुनील कुमार ने लोगों से अपील की कि यदि किसी व्यक्ति को सांप काट ले तो तत्काल नजदीकी अस्पताल में जाकर इलाज कराएं।
उन्होंने झाड़-फूंक के चक्कर में समय बर्बाद नहीं करने और सांपों को नहीं मारने की अपील की। उन्होंने कहा कि इंसानों की सुरक्षा के साथ-साथ सांपों का संरक्षण भी जरूरी है। शौकत खान ने कहा कि सुनील कुमार के साहस और सेवा कार्यों को देखते हुये उन्हें और उनके सहयोगियों को राष्ट्रीय ध्वज भेंटकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का आयोजन रमना वन परिसर में किया गया, जिसमें वन विभाग के कर्मियों को भी सम्मानित किया गया। इस अवसर पर शौकत खान ने अपने स्वर्गीय पिता हाजी अलीजान खान की पहली पुण्यतिथि पर पौधरोपण कार्यक्रम भी आयोजित किया। उन्होंने लोगों से पर्यावरण संरक्षण के लिये अपने माता-पिता और परिजनों के नाम एक पौधा लगाने की अपील की।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0