अंधविश्वास और बदले की भावना से 3 वर्षीय मासूम की हत्या, पिता-पुत्र गिरफ्तार

Feb 26, 2026 - 21:07
अंधविश्वास और बदले की भावना से 3 वर्षीय मासूम की हत्या, पिता-पुत्र गिरफ्तार

बंशीधर न्यूज

मझिआंव : बरडीहा थाना क्षेत्र के ओबरा उरांव टोला में अंधविश्वास और बदले की भावना ने एक तीन साल के मासूम बच्चे की जान ले ली। पुलिस ने महज 48 घंटों के भीतर इस सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा करते हुये गांव के ही दो आरोपियों ललन उरांव और उसके 18 वर्षीय बेटे विशाल उरांव को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गये पिता-पुत्र ने पुलिस के समक्ष अपना जुर्म स्वीकार करते हुये बताया कि उन्होंने डायन-बिसाही के शक में इस मासूम को मौत के घाट उतारा है।

यह जानकारी थाना प्रभारी ऋषिकेश कुमार सिंह ने प्रेस वार्ता कर दी। उन्होंने बताया कि घटना की शुरुआत 24 फरवरी को हुई जब ओबरा उरांव टोला निवासी मीरा देवी ने बरडीहा थाने में अपने तीन वर्षीय पुत्र अनुराग उरांव की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। मामला दर्ज होते ही एसपी के निर्देश पर एक विशेष टीम का गठन किया गया और छानबीन शुरू की गई। इसी बीच 25 फरवरी को आवेदिका के घर से करीब 100 मीटर की दूरी पर एक अरहर के खेत से बच्चे का शव बरामद हुआ।

शव मिलने के बाद पुलिस ने गुप्त सूचना और परिजनों के संदेह के आधार पर ललन उरांव और उसके बेटे विशाल को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसके बाद इस रूह कपा देने वाली साजिश का पर्दाफाश हुआ। आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि बीते 4 जनवरी को ललन की पत्नी शोभा देवी की बीमारी से मृत्यु हो गई थी। ललन को शक था कि अनुराग की दादी (वादिनी की सास) ने जादू-टोना करके उसकी पत्नी को मार डाला है।

इसी का बदला लेने के लिये 23 फरवरी की शाम करीब 4ः30 बजे जब अनुराग खेल रहा था, तब पिता-पुत्र उसे बहला-फुसलाकर एक मिट्टी के घर में ले गये और वहां उसे जहर खिला दिया। बच्चे की मृत्यु होने के बाद आरोपियों ने अगले दिन तड़के करीब 3 बजे शव को एक बोरे में भरकर पास के खेत में फेंक दिया। पुलिस ने गिरफ्तार अभियुक्तों की निशानदेही पर घटनास्थल के पास से जूट का बोरा, सफेद प्लास्टिक का बोरा, सलफास लिखी हुई दो पर्चियां और एक पुड़िया में संदिग्ध भूरे रंग का गंधयुक्त पाउडर बरामद किया है।

इस पूरी कार्रवाई और सफल उद्भेदन में एसडीपीओ नीरज कुमार, पुलिस निरीक्षक बृज कुमार, थाना प्रभारी ऋषिकेश कुमार सिंह, मृत्युंजय कुमार राय, अनिल कुमार और बरडीहा थाना के सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0