मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने में जुटा प्रशासन, डीसी ने दिये तेजी लाने के निर्देश

Jul 21, 2026 - 19:35
मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने में जुटा प्रशासन, डीसी ने दिये तेजी लाने के निर्देश

बंशीधर न्यूज

गढ़वा : भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार झारखंड में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत गढ़वा जिला प्रशासन ने मतदाता सूची को शुद्ध, अद्यतन एवं त्रुटिरहित बनाने की दिशा में उल्लेखनीय प्रगति दर्ज की है। जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-डीसी पशुपति नाथ मिश्रा की सतत निगरानी में जिले के सभी बूथों पर अभियान तेज गति से संचालित किया जा रहा है।

प्रशासन का लक्ष्य 29 जुलाई तक सभी प्रक्रियाएं पूरी कर 5 अगस्त को मतदाता सूची का प्रारूप प्रकाशित करना है। जिले के सभी बूथ स्तर पदाधिकारी घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन कर रहे हैं। अब तक जिले के 8,62,092 (100 प्रतिशत) गणना प्रपत्रों का वितरण पूरा कर लिया गया है। वहीं 6,89,438 प्रपत्रों का डिजिटाईजेशन, 6,88,929 प्रपत्रों का सत्यापन तथा 506 प्रपत्रों का ऑनलाईन सबमिशन किया जा चुका है।

अभियान के तहत एएसडीडीएफ के 3,835, डीएसई के 13,559 तथा अनकलेक्टेबल फॉर्म्स के 31,508 मामलों की पहचान कर आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप कार्रवाई की जा रही है। डीसी श्री मिश्रा ने वर्चुअल समीक्षा बैठक में सभी निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (ईआरओ), सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (एईआरओ) एवं अतिरिक्त एईआरओ को शेष प्रपत्रों का शीघ्र संग्रह, डिजिटाईजेशन और शत-प्रतिशत सत्यापन सुनिश्चित करने के निर्देश दिये।

उन्होंने 22 जुलाई को फील्ड विजिट कर कार्यों की निगरानी करने तथा चुनाव पाठशाला में एएसडीडीएफ मामलों का त्रुटिरहित निष्पादन सुनिश्चित करने को भी कहा। इसके अलावा विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ हुई बैठक में 22 जुलाई को सभी मतदान केंद्रों पर बीएलए-2 बैठक एवं चुनाव पाठशाला आयोजित करने का निर्णय लिया गया।

 बैठक में मतदाता सूची के प्रारूप, एएसडीडी सूची तथा प्रपत्र-6, 7 और 8 की समीक्षा की जायेगी। जिला प्रशासन ने सभी मतदाताओं और राजनीतिक दलों से अभियान में सक्रिय सहयोग की अपील करते हुये कहा कि प्रत्येक पात्र नागरिक की भागीदारी से ही पारदर्शी एवं विश्वसनीय मतदाता सूची तैयार की जा सकती है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0