सीआरपीएफ का 87 वां स्थापना दिवस
शहीदों को श्रद्धांजलि, देशसेवा का लिया संकल्प
बंशीधर न्यूज
गढ़वा : 172 बटालियन केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) द्वारा बल का 87 वां स्थापना दिवस मनाया गया। इस अवसर पर बटालियन मुख्यालय में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें देश की सेवा में अपने प्राणों की आहुति देने वाले शहीद जवानों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। कार्यक्रम की शुरुआत बटालियन के कमांडेंट अजय कुमार वर्मा द्वारा शहीद स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित कर की गई।
इस दौरान अधिकारियों और जवानों ने शहीदों को नमन करते हुये उनके अदम्य साहस, पराक्रम और कर्तव्यनिष्ठा को याद किया। मौके पर कमांडेंट ने कहा कि सीआरपीएफ के जवानों ने हर परिस्थिति में देश की सुरक्षा के लिये अपने कर्तव्यों का निर्वहन किया है। उन्होंने कहा कि बल के वीर जवानों ने देश की एकता और अखंडता की रक्षा के लिये अनेक कठिनाईयों का सामना करते हुये अपने प्राणों की आहुति दी है।
ऐसे वीरों का बलिदान सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा। उन्होंने सभी अधिकारियों, जवानों एवं उनके परिजनों को स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए सीआरपीएफ के गौरवशाली इतिहास का उल्लेख किया। कमांडेंट वर्मा ने कहा कि स्थापना के समय से ही सीआरपीएफ देश की आंतरिक सुरक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता आ रहा है।
उन्होंने कहा कि निष्पक्ष चुनाव कराने से लेकर आतंकवाद और नक्सलवाद के खिलाफ अभियानों तक तथा प्राकृतिक आपदाओं के समय राहत एवं बचाव कार्यों में भी सीआरपीएफ की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण रही है।
हर चुनौतीपूर्ण स्थिति में बल के जवानों ने अपनी जिम्मेदारियों का सफलतापूर्वक निर्वहन किया है। उन्होंने यह भी कहा कि सीआरपीएफ की उपलब्धियों के पीछे अनेक वीर जवानों और अधिकारियों का योगदान एवं बलिदान शामिल है। मौके पर काफी संख्या में जवान उपस्थित थे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0