गढ़देवी मोहल्ले के नरगिर आश्रम में रामकथा का शुभारंभ

Mar 20, 2026 - 19:30
गढ़देवी मोहल्ले के नरगिर आश्रम में रामकथा का शुभारंभ

बंशीधर न्यूज

गढ़वा : चैत्र नवरात्र के अवसर पर शहर के गढ़देवी मोहल्ला स्थित नरगिर आश्रम में आयोजित रामकथा के प्रथम दिवस पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कथा मंच का उद्घाटन मुख्य अतिथि एसपी अमन कुमार, एसडीएम संजय पांडेय, एएसपी राहुल देव बड़ाईक, समाजसेवी राकेश पाल तथा थाना प्रभारी सुनील तिवारी ने संयुक्त रूप से दीप जलाकर किया।

अयोध्या से आये पूज्य संत श्री बालस्वामी अवधेन्द्र प्रपन्नाचार्य एवं उनके साथ आए विद्वत आचार्यों और वादकों की टीम ने मंगलाचरण के साथ संगीतमय रामकथा की शुरुआत की। जैसे ही भक्ति संगीत और कथा का प्रवाह शुरू हुआ, श्रद्धालु श्रोता पूरी तन्मयता के साथ कथा में लीन नजर आये। मौके पर एसपी ने कहा कि रामचरित मानस केवल धार्मिक ग्रंथ नहीं, बल्कि जीवन जीने की एक आदर्श संहिता है।

उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अपने-अपने पर्वों को आपसी सौहार्द और उल्लास के साथ मनाएं तथा भगवान श्रीराम के मर्यादित जीवन से प्रेरणा लेकर अपने जीवन में सकारात्मक बदलाव लाएं। एसडीएम ने रामचरित मानस को सार्वकालिक और हर युग में प्रासंगिक ग्रंथ बताया। उन्होंने कहा कि इसमें वर्णित आदर्शों जैसे सत्य, त्याग, सेवा और परोपकार को अपनाकर समाज को बेहतर बनाया जा सकता है।

समाजसेवी राकेश पाल ने रामकथा को युगों-युगों से मानव समाज को सन्मार्ग दिखाने वाली सबसे प्रभावशाली कथा बताया। उन्होंने कहा कि यह कथा हमें न केवल आध्यात्मिक रूप से मजबूत बनाती है, बल्कि नैतिक जीवन जीने की प्रेरणा भी देती है। रामकथा समिति के अध्यक्ष चंदन जायसवाल ने बताया कि नरगिर आश्रम में लगातार पांचवें वर्ष रामकथा का आयोजन होना क्षेत्र के लिये गर्व की बात है।

उन्होंने कहा कि इस आयोजन के दौरान पूरा गढ़देवी मोहल्ला राममय हो जाता है और बड़ी संख्या में श्रद्धालु प्रतिदिन कथा श्रवण के लिये पहुंचते हैं। प्रथम दिवस की कथा में संत बालस्वामी जी ने धर्म और अध्यात्म के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि जब पृथ्वी पर अधर्म और अनीति बढ़ जाती है, तब भगवान किसी न किसी रूप में अवतरित होकर उसका नाश करते हैं।

कथा के दौरान शिव-पार्वती विवाह प्रसंग का सजीव वर्णन किया गया, जिसने उपस्थित श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। कथा के बीच-बीच में भजन-कीर्तन से माहौल और भी भक्तिमय हो गया।

मौके पर जगजीवन बघेल, वार्ड पार्षद विनोद प्रसाद, मुन्ना मोबाइल, राजेश विश्वकर्मा, धर्मनाथ झा, जयशंकर बघेल, देवराज पटेल, भरत केशरी, संजय सिंह अग्रहरि, दीनानाथ बघेल, विकास ठाकुर, गौतम शर्मा, गौतम चंद्रवंशी, सोनू बघेल, राकेश चंद्रा, शांतनु केशरी, आकाश बघेल, विकास बघेल, करण कुमार, पवन कुमार, शुभम चंद्रवंशी, मीडिया प्रभारी अंशु कांस्यकार आदि उपस्थित थे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0