स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही पर सख्त हुये डीसी, झोलाछाप डॉक्टरों के खिलाफ संयुक्त अभियान के निर्देश

Aug 3, 2026 - 21:11
स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही पर सख्त हुये डीसी, झोलाछाप डॉक्टरों के खिलाफ संयुक्त अभियान के निर्देश

बंशीधर न्यूज

गढ़वा : समाहरणालय के सभागार में सोमवार को डीसी पशुपति नाथ मिश्रा की अध्यक्षता में स्वास्थ्य एवं जनकल्याण विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में जिले में संचालित विभिन्न राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों और स्वास्थ्य सेवाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा करते हुये अधिकारियों को कई महत्वपूर्ण निर्देश दिये गये। डीसी ने स्पष्ट कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही, अनियमितता अथवा अवैध चिकित्सा गतिविधियों को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जायेगा।

उन्होंने सभी प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारियों (एमओआईसी) को निर्देश दिया कि अपने-अपने क्षेत्रों में संचालित निजी क्लीनिक, अल्ट्रासाउंड सेंटर, दवा दुकानों और झोलाछाप चिकित्सकों के खिलाफ नियमित औचक निरीक्षण अभियान चलाएं। उन्होंने कहा कि ऐसे निरीक्षण बीडीओ एवं थाना प्रभारी के साथ संयुक्त रूप से किये जाएं, ताकि आवश्यकता पड़ने पर तत्काल नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित हो सके।

बैठक में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, टीकाकरण, संस्थागत प्रसव, राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम, कुष्ठ नियंत्रण, मलेरिया नियंत्रण, सिकल सेल स्क्रीनिंग, गैर-संचारी रोग (एनसीडी), आयुष्मान भारत, ई-संजीवनी, ब्लड बैंक, प्रधानमंत्री राष्ट्रीय डायलिसिस कार्यक्रम, राष्ट्रीय अंधत्व नियंत्रण कार्यक्रम सहित विभिन्न योजनाओं की समीक्षा की गई।

डीसी ने कहा कि स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ जिले के अंतिम व्यक्ति तक पारदर्शिता के साथ पहुंचाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी प्रखंडों में मॉनिटरिंग कमेटी की बैठक प्रत्येक माह अनिवार्य रूप से आयोजित करने, स्वास्थ्य केंद्रों में दवाओं एवं उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा मरीजों को गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिये।

साथ ही चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों से पूरी जिम्मेदारी, संवेदनशीलता और ईमानदारी के साथ कार्य करने की अपील की। बैठक में सिविल सर्जन डॉ जॉन एफ. कैनेडी, सदर अस्पताल उपाधीक्षक डॉ माहेरू यामिनी, जिला यक्ष्मा पदाधिकारी डॉ गोविन्द सेठ, जिला कुष्ठ पदाधिकारी डॉ कौशल सहगल, जिला मलेरिया पदाधिकारी डॉ पुष्पा सहगल, डीपीएम स्वास्थ्य गौरव कुमार, सभी प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी, कार्यक्रम प्रबंधक एवं स्वास्थ्य विभाग के अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0