पूर्व मंत्री भानू ने यज्ञ में हवन कर मां शतचंडी से क्षेत्र में खुशहाली की कामना की
बंशीधर न्यूज
धुरकी : थाना क्षेत्र के मिरचैया गांव में आयोजित नौ दिवसीय श्री शतचंडी महायज्ञ में भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष सह पूर्व मंत्री भानू प्रताप शाही शामिल हुये। इस अवसर पर उन्होंने यज्ञ मंडप में विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर भवनाथपुर विधानसभा क्षेत्र में सुख-समृद्धि, शांति और निरंतर विकास के लिये मां शतचंडी से आशीर्वाद मांगा।
महायज्ञ स्थल पर पहुंचने पर आयोजन समिति और स्थानीय ग्रामीणों ने श्री शाही का फूल-मालाओं से गर्मजोशी के साथ स्वागत किया। इसके बाद वे यज्ञ मंडप में पहुंचे जहां विद्वान पंडितों के वैदिक मंत्रोच्चार के बीच उन्होंने हवन कुंड में आहुति दी और क्षेत्र के लोगों की खुशहाली, समृद्धि तथा शांति की कामना की। मौके पर उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में यज्ञ और धार्मिक आयोजनों का विशेष महत्व रहा है।
ऐसे आयोजनों से जहां एक ओर आध्यात्मिक वातावरण का निर्माण होता है, वहीं समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार भी होता है। उन्होंने कहा कि श्री शतचंडी महायज्ञ जैसे धार्मिक आयोजन लोगों को एकजुट करने का कार्य करते हैं और समाज में भाईचारा तथा आपसी सद्भाव को मजबूत बनाते हैं।
उन्होंने आयोजन समिति को इस आयोजन के लिये बधाई देते हुये कहा कि गांवों में इस तरह के धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन होते रहना चाहिये, जिससे नई पीढ़ी को भी अपनी परंपराओं और संस्कृति से जुड़ने का अवसर मिलता है। उन्होंने कहा कि मां शतचंडी की कृपा से क्षेत्र में शांति, समृद्धि और विकास की नई संभावनाएं साकार होंगी।
महायज्ञ के अध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद यादव ने बताया कि नौ दिवसीय इस महायज्ञ में प्रतिदिन विशेष पूजा-अर्चना, हवन, दुर्गा पाठ और धार्मिक प्रवचन का आयोजन किया जा रहा है। दूर-दूर से श्रद्धालु यहां पहुंचकर मां दुर्गा की पूजा-अर्चना कर रहे हैं और यज्ञ में आहुति देकर अपने परिवार तथा क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना कर रहे हैं।
उन्होंने बताया कि महायज्ञ के समापन तक लगातार धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किये जाएंगे, जिसमें काफी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की उम्मीद है। मौके पर महायज्ञ के अध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद यादव, लक्ष्मण राम, ओमप्रकाश गुप्ता, दामोदर जायसवाल, धीरेन्द्र यादव, आनंद गिरि, अखिलेश यादव, मंगल यादव सहित काफी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0