अवैध खनन पर गढ़वा प्रशासन सख्त, डीसी ने दिये लगातार अभियान चलाने के निर्देश
बंशीधर न्यूज
गढ़वा : जिले में अवैध खनन, अवैध परिवहन एवं खनिजों के अवैध भंडारण पर प्रभावी रोक लगाने के लिये जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। इस संबंध में डीसी पशुपति नाथ मिश्रा की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में जिला स्तरीय टास्क फोर्स की बैठक आयोजित की गई।
बैठक में अब तक की कार्रवाई की समीक्षा करते हुये आगे की रणनीति तय की गई। डीसी ने सभी एसडीओ, एसडीपीओ, सीओ एवं थाना प्रभारियों से उनके क्षेत्रों में अवैध खनन की स्थिति, निगरानी व्यवस्था तथा की गई कार्रवाई की जानकारी ली। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जिले में किसी भी परिस्थिति में अवैध खनन बर्दाश्त नहीं किया जायेगा।
सभी अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में सतर्क निगरानी रखने, लगातार अभियान चलाने तथा दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। बैठक में विशेष रूप से श्री बंशीधर नगर अनुमंडल के धुरकी, विशनपुरा, केतार और खरौंधी प्रखंडों में अवैध खनन के मामलों को गंभीरता से लेते हुये नियमित छापेमारी अभियान चलाने और कार्रवाई तेज करने का निर्देश दिया गया।
डीसी ने प्रशासन और पुलिस के बीच बेहतर समन्वय के साथ संयुक्त अभियान चलाने, शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई करने तथा नियमित क्षेत्र भ्रमण कर अवैध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण रखने पर जोर दिया। उन्होंने कार्रवाई के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया। जिला खनन पदाधिकारी राजेंद्र उरांव ने बताया कि एनजीटी के निर्देशों के तहत लागू अवधि के कारण अवैध खनन से संबंधित शिकायतों में कमी आई है।
हालांकि प्राप्त शिकायतों पर विभाग तत्काल कार्रवाई कर रहा है। बैठक में एसपी आशुतोष शेखर, डीएफओ दक्षिणी ईबी अब्राहम, एसी विकास कुमार राय सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे। जबकि अन्य अधिकारियों ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से भाग लिया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0