एसडीएम ने आठ दिनी नाटक कला मंच का किया उद्घाटन

Mar 20, 2026 - 17:42
एसडीएम ने आठ दिनी नाटक कला मंच का किया उद्घाटन

कहा नाटक कला मंचन से सांस्कृतिक धरोहर को जीवित रखने का हो रहा प्रयास

बंशीधर न्यूज

मेराल : प्रखंड मुख्यालय के प्रसिद्ध मां शायर देवी धाम के छठे वार्षिकोत्सव के अवसर पर गुरुवार की रात्रि में आठ दिवसीय नाट्य कला मंच का शुभारंभ किया गया। शुभारंभ सदर एसडीएम संजय कुमार ने फीता काटकर एवं दीप जलाकर किया।

उन्होंने देवी धाम के वार्षिक महोत्सव के अवसर पर दस दिवसीय भव्य आयोजन के लिये देवी धाम संचालन समिति के सभी पदाधिकारियों और सदस्यों की प्रशंसा करते हुये कहा कि ऐसे कार्यक्रम सभी के सामूहिक प्रयास और सहयोग से ही संभव हो पाता है। एसडीएम श्री पांडेय ने नाटक कला मंचन से सांस्कृतिक धरोहर को जीवित रखने के प्रयास की भी प्रशंसा की।

उन्होंने कहा नाट्य कला मंचन में आम जनमानस को नाट्य के माध्यम से सामाजिक मर्यादा और संस्कृति का संदेश दिया जाता है। उन्होंने कहा कि नाटक कला मंचन को सिर्फ मनोरंजन का साधन न समझें इससे राम, कृष्ण के आदर्श की सीख लेनी चाहिये। उन्होंने बड़ी संख्या में उपस्थित दर्शकों की भी प्रशंसा करते हुये कहा कि कार्यक्रम में आपकी उपस्थिति भी किसी कलाकार से काम नहीं है।

लोगों की उपस्थिति से कलाकारों को अपनी कला दिखाने में बल मिलता है। उद्घाटन मंच का संचालन मुख्य संरक्षक संजय भगत द्वारा किया गया। मौके पर देवी धाम पंचवर्षीय कार्यक्रम के अध्यक्ष विजय प्रसाद ने एसडीएम से मां शायर देवी धाम को पर्यटन स्थल के रूप में डी श्रेणी से ऊपर लाकर धाम परिसर को विकसित करने के प्रयासों को गति देने में सहयोग के लिये आग्रह किया।

इससे पहले एसडीएम का स्वागत फूलमाला, बुके, अंग वस्त्र और पगड़ी पहनाकर गर्मजोशी के साथ किया गया। यहां पहुंचने पर एसडीएम ने सबसे पहले देवी धाम मंदिर में मत्था टेक कर आशीर्वाद लिया और मेराल सहित पूरे क्षेत्र के विकास और सुख समृद्धि का कामना की।

कार्यक्रम में मुख्य संरक्षक प्रेमचंद प्रसाद, मुखिया रामसागर महतो, मुन्ना राम, मोतीचंद प्रसाद, रवींद्र प्रसाद वर्मा, रुपू महतो, विनोद कुशवाहा, अरविंद महतो, धनंजय चौधरी, बलराम कृष्ण शर्मा, वीरेंद्र प्रसाद सहित कई गणमान्य के साथ बड़ी संख्या में महिला पुरुष व बच्चे मौजूद थे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0