एसडीएम के नेतृत्व में अवैध बूचड़खानों के खिलाफ चला सघन सर्च अभियान, कई बूचड़खाने ध्वस्त

Apr 4, 2026 - 21:00
एसडीएम के नेतृत्व में अवैध बूचड़खानों के खिलाफ चला सघन सर्च अभियान, कई बूचड़खाने ध्वस्त

बंशीधर न्यूज

गढ़वा : एसडीएम संजय कुमार के नेतृत्व में शनिवार को शहर के उंचरी क्षेत्र की गलियों में अवैध बूचड़खानों के खिलाफ व्यापक सर्च अभियान चलाया गया। लगभग एक घंटे तक चले इस अभियान में अस्थाई टिन शेड नुमा कमरों में चल रहे बूचड़खाने का पता चला, जहां से बड़ी मात्रा में प्रतिबंधित पशु अवशेष और अन्य अवैध सामग्री बरामद हुई। मौके पर मौजूद जिला पशुपालन पदाधिकारी ने प्रारंभिक तौर पर इसे गोकशी से संबंधित बताया।

एसडीएम संजय कुमार के आदेश पर बरामद सामग्रियों को विधिसम्मत तरीके से वीडियोग्राफी कराते हुये जमीन में गाड़कर निस्तारित किया गया और आवश्यक नमूनों को जांच हेतु भेजा गया। उन्होंने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज करने के लिये पशुपालन पदाधिकारी, नगर परिषद और थाना प्रभारी को निर्देशित किया गया है। एसडीएम ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से उंचरी क्षेत्र में अवैध बूचड़खानों के संचालन की लगातार शिकायतें मिल रही थीं।

हाल ही में तिलैया नदी के निकट श्मशान घाट के पास गोवंशीय पशुओं के अवशेष फेंकने की लिखित शिकायत मिलने के बाद कार्रवाई की रणनीति बनाई गई। अभियान के दौरान उंचरी रेल लाईन के समीप ईंटों और टीन शेड से निर्मित दो अस्थायी संरचनाओं में चमड़ा, प्रतिबंधित पशु अवशेष और अन्य सामग्री बरामद हुई, जो गोकशी के पर्याप्त साक्ष्य मानी गई।

कार्रवाई के दौरान अंचल अमीन, राजस्व कर्मियों की मदद से जमीन का विवरण तैयार कराया गया और भू-स्वामी की जानकारी जुटाई गई। मौके पर गोवंशीय पशुओं के कान में लगे बारकोड युक्त टैग भी मिले, जिनकी जांच कर वास्तविक मालिकों पर भी कानूनी कार्रवाई की जायेगी। एसडीएम संजय कुमार और एसडीपीओ नीरज कुमार ने स्पष्ट किया कि ऐसे गैरकानूनी और अनैतिक कारोबार करने वालों के खिलाफ नियमित कार्रवाई की जायेगी।

दोषियों पर झारखंड गोवंशीय पशु हत्या प्रतिषेध अधिनियम 2005 के तहत कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जायेगी। स्थानीय लोगों से भी अनुरोध किया गया है कि यदि उनके आसपास इस प्रकार का कोई अवैध कारोबार चल रहा हो, तो इसकी सूचना प्रशासन को दें। अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि सूचना देने वालों की सुरक्षा और गोपनीयता सुनिश्चित रहेगी।

 सर्च अभियान में एसडीपीओ नीरज कुमार के अलावे जिला पशुपालन पदाधिकारी विद्यासागर सिंह, सीओ सफी आलम, नगर परिषद कार्यपालक पदाधिकारी सुशील कुमार, खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी दीपश्री, पुलिस निरीक्षक सुनील कुमार तिवारी सहित बड़ी संख्या में पुलिस के जवान शामिल थे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0