आभूषण की ठगी करने वाला बिहार का गैंग धराया, छह गिरफ्तार
बंशीधर न्यूज
पलामू: चांदी साफ करने के बहाने आभूषण की ठगी करने वाला बिहार का गैंग पकड़ा गया है। छह ठगों की गिरफ्तारी हुई है। पलामू जिले की नौडीहा बाजार पुलिस ने यह कामयाबी हासिल की है। छतरपुर के एसडीपीओ प्रशांत कुमार टू ने बुधवार को इसकी पुष्टि की। नौडीहा बाजार थाना क्षेत्र के हुल्सी खुर्द गांव में चांदी और सोने के आभूषण साफ करने के नाम पर लोगों को झांसा देकर ठगी करने वाले छह आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने आरोपियों के पास से महिला का मंगलसूत्र, चांदी साफ करने में प्रयुक्त रसायन, तीन बाइक तथा अन्य उपकरण बरामद किए हैं। मिली जानकारी के अनुसार, 2 जून को दो युवक हुल्सी खुर्द निवासी अनिता देवी के घर पहुंचे और चांदी के आभूषण साफ करने की बात कही। दोनों ने महिला की चांदी की अंगूठी साफ कर वापस कर दी, जिससे महिला का विश्वास जीत लिया।
इसके बाद उन्होंने मंगलसूत्र साफ करने के बहाने अपने कब्जे में ले लिया। सफाई के दौरान आरोपिताें ने चकमा देकर मंगलसूत्र अपने बैग में रख लिया और कागज में पाउडर व अन्य पदार्थ लपेटकर महिला को देते हुए कहा कि कुछ देर बाद खोलने पर आभूषण चमकता हुआ मिलेगा। महिला को संदेह होने पर उसने शोर मचाया। ग्रामीणों की मदद से दो संदिग्ध युवकों को पकड़ लिया गया।
सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने तलाशी के दौरान राहुल कुमार के बैग से महिला का मंगलसूत्र बरामद कर लिया। पुलिस पूछताछ और निशानदेही पर इस गिरोह के चार अन्य सदस्यों को भी गिरफ्तार किया गया। आरोपिताें ने बताया कि वे दो-दो लोगों के समूह में बाइक से गांव-गांव घूमकर चांदी साफ करने का झांसा देते थे। सफाई के दौरान चांदी के कुछ हिस्से को गलाकर अपने पास रख लेते थे और बाद में उसे अलग कर बेच देते थे।
वहीं मौका मिलने पर सोने के आभूषण गायब करने का भी प्रयास करते थे। अनिता देवी के आवेदन पर नौडीहा बाजार थाना (कांड संख्या 47/2026) दर्ज करते हुए पुलिस ने सभी आरोपिताें को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। गिरफ्तार आरोपिताें में प्रिंस कुमार (20), राहुल कुमार (21 ), रोहित कुमार (21), प्रभु कुमार शाह (28), रोहन कुमार (22) और अक्षय कुमार (22) शामिल हैं।
इनके पास से महिला का मंगलसूत्र, चांदी साफ करने वाला सफेद पाउडर, हार्पिक की बोतल में रखा एसिड, लोहे का दो कटर, तीन मोटरसाइकिल (अपाची, पल्सर एवं होंडा), छोटा इलेक्ट्रॉनिक वजन मापने वाला मशीन शामिल है। छापेमारी दल में थाना प्रभारी नीरज कुमार, रोहित चौहान, दीपक कुमार, राजेश बैठा तथा नौडीहा बाजार थाना के सशस्त्र बल शामिल थे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0