डीसी ने किया ईवीएम-वीवीपैट वेयरहाउस का मासिक निरीक्षण

Jul 17, 2026 - 19:31
डीसी ने किया ईवीएम-वीवीपैट वेयरहाउस का मासिक निरीक्षण

बंशीधर न्यूज

गढ़वा : आगामी निर्वाचन की तैयारियों के मद्देनजर जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-डीसी पशुपति नाथ मिश्रा ने शुक्रवार को ईवीएम-वीवीपैट वेयरहाउस का मासिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने वेयरहाउस में सुरक्षित रखी गई इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) एवं वोटर वेरीफायबल पेपर ऑडिट ट्रेल (वीवीपैट) मशीनों की सुरक्षा, रखरखाव तथा अभिलेखों के संधारण का गहन जायजा लिया।

निरीक्षण के क्रम में डीसी ने वेयरहाउस परिसर की सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी निगरानी प्रणाली, विद्युत आपूर्ति, कंट्रोल रूम, अग्निशमन उपकरणों तथा तैनात सुरक्षा बलों की कार्यप्रणाली का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि निर्वाचन आयोग के निर्धारित मानकों एवं मानक संचालन प्रक्रियाओं के अनुरूप वेयरहाउस की सुरक्षा हर समय सुदृढ़ एवं प्रभावी बनी रहनी चाहिये।

डीसी ने वेयरहाउस में संधारित अभिलेखों एवं लॉग बुक का भी निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि ईवीएम-वीवीपैट मशीनों की सुरक्षा से जुड़े सभी नियमों का नियमित रूप से पालन किया जाय और प्रत्येक प्रक्रिया का समय-समय पर परीक्षण एवं सत्यापन सुनिश्चित किया जाय। उन्होंने स्पष्ट कहा कि इस कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जायेगी।

डीसी ने तैनात सुरक्षा बलों को पूरी सतर्कता, अनुशासन और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का निर्देश देते हुये कहा कि ईवीएम-वीवीपैट वेयरहाउस की सुरक्षा निर्वाचन प्रक्रिया की निष्पक्षता और विश्वसनीयता से सीधे जुड़ी हुई है। उन्होंने कहा कि स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं पारदर्शी चुनाव सुनिश्चित करने के लिए मशीनों की सुरक्षा सर्वाेच्च प्राथमिकता है।

 इसी उद्देश्य से समय-समय पर वेयरहाउस का नियमित निरीक्षण एवं निगरानी की जाती है, ताकि निर्वाचन आयोग के सभी दिशा-निर्देशों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित किया जा सके। निरीक्षण के दौरान उप निर्वाचन पदाधिकारी कुमुद कुमार झा, कोषागार पदाधिकारी प्रशांत मिंज सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि भी उपस्थित थे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0