17 वर्षीय किशोरी की हत्या का खुलासा, आरोपी गिरफ्तार

Mar 22, 2026 - 19:48
17 वर्षीय किशोरी की हत्या का खुलासा, आरोपी गिरफ्तार

बंशीधर न्यूज

गढ़वा : जिले के रमकंडा थाना क्षेत्र के कसमार गांव में बीते दिनों हुई 17 वर्षीय किशोरी की हत्या के मामले का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में 27 वर्षीय युवक धर्मेन्द्र सिंह को गिरफ्तार किया है, जिसने दुष्कर्म के बाद पहचान छुपाने की नीयत से गला दबाकर किशोरी की हत्या कर दी थी। घटना के बाद गठित एसआईटी ने तकनीकी साक्ष्य और घटनास्थल पर मिले एक लाल रंग के हवाई चप्पल के आधार पर आरोपी तक पहुंचने में सफलता हासिल की।

उक्त जानकारी रंका एसडीपीओ रोहित रंजन सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित कर दी। एसडीपीओ ने बताया कि पुलिस अनुसंधान में यह बात सामने आई कि मृतका गत 21 फरवरी को अपने गांव के शिवनाथ सिंह की बेटी की शादी में शामिल होने अपनी मां और छोटी बहन के साथ गई थी। 22 फरवरी की रात करीब 12ः30 बजे जब वह शौच के लिये घर के पीछे गई, तभी घात लगाये बैठे आरोपी धर्मेन्द्र सिंह ने उसे पकड़ने की कोशिश की।

किशोरी ने खुद को बचाने के लिये दौड़ लगाई, लेकिन कुछ दूर जाने के बाद वह गिर गई। आरोपी ने पहले उसका मुंह दबाया और फिर उसी के कपड़े से मुंह बंद कर उसे अधमरा कर दिया। इसके बाद आरोपी उसे घसीटते हुये गोपाल सिंह के अरहर के खेत में ले गया, जहां दुष्कर्म की घटना को अंजाम देने के बाद गला दबाकर उसकी हत्या कर दी।

घटना की गंभीरता को देखते हुये गढ़वा पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर रंका एसडीपीओ रोहित रंजन सिंह के नेतृत्व में एक विशेष जांच टीम एसआईटी का गठन किया गया था। पुलिस ने तफ्तीश के दौरान विभिन्न गांवों मरदा, कसमार, हरहे, कुटी, उदयपुर, फकीराडीह, रमकण्डा, रामगढ़ के करीब 600 बारातियों और ग्रामीणों से पूछताछ की।

तकनीकी शाखा की मदद से करीब 200 संदिग्ध मोबाईल नंबरों के कॉल रिकॉर्ड खंगाले गये। अंततः घटनास्थल पर मिले एक लाल रंग के हवाई चप्पल ने पुलिस को आरोपी धर्मेन्द्र सिंह तक पहुंचा दिया, जो अपने जीजा के घर कसमार में ही रह रहा था। पुलिस की पूछताछ में आरोपी धर्मेन्द्र सिंह ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया है। पुलिस ने घटनास्थल और आरोपी के पास से साक्ष्य के रूप में मृतका का सैंडल और अभियुक्त का वह लाल रंग का हवाई चप्पल बरामद कर लिया है, जो भागने के दौरान वहां छूट गया था।

आरोपी के विरुद्ध रमकंडा थाना में कांड संख्या 09/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं और पोक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे जेल भेज दिया गया है। टीम में रंका एसडीपीओ के अलावे पुलिस निरीक्षक अभिजीत कुमार गौतम, रमकंडा थाना प्रभारी सुरेन्द्र सिंह कुंटिया, पुअनि रवि कुमार पटेल, सतीश कुमार राम सहित अन्य पुलिस बल शामिल थे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0