जमीन विवाद में फायरिंग में एक की मौत, चार घायल

May 23, 2026 - 18:56
जमीन विवाद में फायरिंग में एक की मौत, चार घायल

बंशीधर न्यूज

पलामू: जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र के रामपुर में जमीन विवाद में शनिवार को गोली चल गई। जमकर लाठी डंडे चले और पत्थरबाजी हुई, जिससे एक युवक की मौत हो गई, जबकि चार जख्मी हो गए। सभी को इलाज के लिए मेदिनी राय मेडिकल कॉलेज अस्पताल (एमएमसीएच) में भर्ती कराया गया है। मृतक के शव का एमएमसीएच में पोस्टमार्टम किया गया।

घटना के बाद पुलिस कार्रवाई में जुटी हुई है। आरोपितों को पकड़ने के लिए कई थानों की पुलिस लगाई गई है। गोली चलाने वाले आरोपित फरार हैं। जानकारी के अनुसार रामपुर गांव में जमीन के एक बड़े हिस्से पर दो पक्ष अपना अपना दावा करता है। एक पक्ष के मंटू सिंह सहित अन्य अपना बताकर उसे बेचना चाहते हैं जबकि दूसरे पक्ष के सकेन्द्र चौधरी एवं अन्य लोग सरकारी जमीन का हवाला देकर लंबे समय से दखल कब्जा की बात करते हैं।

जख्मी पक्ष का कहना है कि गांव की एक विधवा महिला ने उक्त जमीन में मकान बनाया था। शनिवार सुबह कुछ लोग पहुंचे और मकान को गिरा दिया। इसकी जानकारी मिलने पर कुछ लोग मौके पर जुटे हुए थे। इसी क्रम में मकान तोड़ने की घटना में शामिल लोग बड़ी संख्या में मौके पर पहुंचे और मारपीट शुरू कर दी। इसी क्रम में फायरिंग की गई जिससे चार लोगों को गोली लग गई, जबकि कुछ लोग लाठी डंडे चलने से जख्मी हो गए।

सभी को इलाज के लिए एमएमसीएच में लाया गया, जहां सकेन्द्र चौधरी (30), पिता मधु चौधरी को मृत घोषित कर दिया गया। इस घटना में उसके पिता मधु चौधरी भी जख्मी हैं। उसके अलावा तीन लोगों को गोली लगी है, जबकि लाठी डंडे से भी कुछ लोगों को चोट आई है। सूचना मिलने पर चैनपुर के थाना प्रभारी लाल जी पूरे मामले की जांच में जुट गए हैं और आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई कर रहे हैं।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0