सुब्रतो कप में खिलाड़ियों की सेहत से खिलवाड़, पानी-ओआरएस तक नहीं

Jul 9, 2026 - 20:32
सुब्रतो कप में खिलाड़ियों की सेहत से खिलवाड़, पानी-ओआरएस तक नहीं

बंशीधर न्यूज

भवनाथपुर : झारखंड सरकार की ओर से यहां प्लस टू उच्च विद्यालय मैदान में आयोजित दो दिवसीय सुब्रतो कप फुटबॉल प्रतियोगिता अव्यवस्थाओं को लेकर चर्चा में रही। प्रतियोगिता में शामिल विभिन्न सरकारी विद्यालयों के शिक्षकों और खिलाड़ियों ने आयोजन की तैयारियों तथा बुनियादी सुविधाओं के अभाव पर नाराजगी जताते हुये व्यवस्था में सुधार की मांग की है।

प्रतिभागी विद्यालयों के शिक्षकों का आरोप है कि उमस भरी गर्मी के बावजूद खिलाड़ियों के लिये ग्लूकोज, ओआरएस अथवा अन्य ऊर्जा पेय की व्यवस्था नहीं की गई। पर्याप्त मात्रा में स्वच्छ पेयजल भी उपलब्ध नहीं था, जिससे लगातार मैच खेलने वाले छात्र-छात्राओं को कठिनाईयों का सामना करना पड़ा।

उनका कहना है कि खिलाड़ियों के स्वास्थ्य और सुरक्षा को सर्वाेच्च प्राथमिकता मिलनी चाहिये थी, लेकिन इस दिशा में अपेक्षित व्यवस्था नहीं की गई। शिक्षकों ने यह भी बताया कि प्रतियोगिता स्थल पर प्राथमिक उपचार की कोई व्यवस्था नहीं थी और न ही किसी मेडिकल टीम अथवा स्वास्थ्यकर्मी की तैनाती की गई थी।

 मैच के दौरान कई खिलाड़ी चोटिल हुये, लेकिन मौके पर उपचार की सुविधा नहीं मिलने के कारण उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजना पड़ा। प्रतिभागी विद्यालयों के शिक्षकों ने कहा कि राज्य स्तरीय खेल प्रतियोगिताओं में खिलाड़ियों की सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं होना चाहिये।

उन्होंने भविष्य में प्रत्येक खेल आयोजन में पेयजल, ओआरएस, प्राथमिक उपचार किट और मेडिकल टीम जैसी बुनियादी सुविधाएं अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराने की मांग की। प्रतियोगिता में अव्यवस्था की शिकायत मिलने के बाद बीडीओ नंदजी राम खेल मैदान पहुंचे और बीपीओ रेणुबाला से खिलाड़ियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी ली।

उन्होंने आयोजन समिति को तत्काल आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। बीडीओ ने स्पष्ट कहा कि यदि दोबारा इस प्रकार की अव्यवस्था की शिकायत मिली तो आयोजन समिति के विरुद्ध विभाग को पत्र भेजकर आवश्यक कार्रवाई की अनुशंसा की जायेगी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0