श्री बंशीधर नगर : पुलिस ने गोलीकांड का किया खुलासा, दो गिरफ्तार
घटना में प्रयुक्त देशी कट्टा, एक जिंदा गोली, एक खोखा, मोबाईल फोन, बैग, बाईक बरामद
शादी तुड़वाने के लिये युवती ने अपने प्रेमी से युवक पर करायी थी हमला : एसडीपीओ
बंशीधर न्यूज
श्री बंशीधर नगर : पुलिस ने शनिवार को थाना क्षेत्र के नरखोरिया कला गांव में हुई गोलीकांड का खुलासा कर लिया है। पुलिस ने घटना के एक घंटे के भीतर घटना में शामिल अपराधी संदीप कुमार सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही उसके पास से घटना में प्रयुक्त देसी कट्टा, एक जिंदा गोली, एक खोखा, मोबाईल फोन, बैग, बाईक एवं लड़की का रेडमी मोबाईल फोन जब्त कर लिया है। यह जानकारी एसडीपीओ सत्येन्द्र नारायण सिंह ने दी।
वे रविवार को यहां अपने कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने बताया कि यह मामला प्रेमप्रसंग से जुड़ा हुआ है। उमेश मेहता को गोली मारने के पीछे शादी तुड़वाना था। एसडीपीओ ने बताया कि शनिवार की दोपहर श्री बंशीधर नगर थाना क्षेत्र के नरखोरिया कला निवासी उमेश मेहता अपने दुकान पर बैठे थे, तभी एक युवक सिगरेट मांगने के बहाने आया और अचानक उनपर गोली चला दी थी। गोली उनके बायें बांह में लगी, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गये थे।
स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें इलाज के लिये अनुमंडल अस्पताल में भर्ती कराया गया था। घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुये आरोपी को पीछा कर गढ़वा थाना क्षेत्र के बोंगासी गांव के पास धर दबोचा गया। आरोपी की गिरफ्तारी में श्री बंशीधर नगर के मिठू जायसवाल की सराहनीय भूमिका रही है। उन्होंने बताया कि इस कार्रवाई में उनके साथ श्री बंशीधर नगर के थाना प्रभारी उपेन्द्र कुमार सहित कई पुलिस पदाधिकारी शामिल थे।
गिरफ्तार युवक की पहचान संदीप कुमार सिंह के रूप में हुई। वह बोकारो के बीएसटीसी थाना अंतर्गत सेक्टर टू डी क्वार्टर नंबर 16 का रहने वाला है। एसडीपीओ ने बताया कि उसकी तलाशी के दौरान उसके पास से देसी कट्टा, एक जिंदा गोली और खोखा बरामद किया गया है। उन्होंने बताया कि छापेमारी दल में अरुण कुमार यादव, जयनाथ मांझी, अनीश मंसूरी एवं जयशंकर प्रसाद जैसे पुलिसकर्मियों की भी अहम भूमिका रही।
वहीं सहयोगी टीम में गढ़वा, डंडई, रमना एवं श्री बंशीधर नगर थाना के कई पदाधिकारी शामिल थे। जांच में हुआ बड़ा खुलासा एसडीपीओ ने बताया कि गिरफ्तार युवक से पूछताछ में पता चला कि संदीप का भवनाथपुर थाना क्षेत्र के बुका गांव की रहने वाली लड़की से लंबे समय से प्रेम संबंध चल रहा था। दोनों के बीच मोबाईल एवं इंस्टाग्राम से बातचीत होती थी तथा दोनों अक्सर एक दूसरे से मिलते जुलते थे। इसी बीच लड़की की शादी उमेश मेहता के बड़े पुत्र अभय मेहता से सेट हो गई थी।
लेकिन लड़की अभय से शादी नहीं करना चाह रही थी। दोनों ने मिलकर शादी रुकवाने के लिये खौफनाक साजिश रची। योजना के तहत संदीप 27 मार्च को बाईक से गढ़वा पहुंचा और अगले दिन 28 मार्च को युवती द्वारा बताये गये लोकेशन पर जाकर घटना को अंजाम दिया।
युवती गिरफ्तार
एसडीपीओ ने बताया कि गिरफ्तार युवक की निशानदेही पर पुलिस ने साजिश रचने वाली उक्त युवती को भी गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि इस कार्रवाई से क्षेत्र में आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगेगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जायेगी। प्रेसवार्ता में एसडीपीओ के साथ श्री बंशीधर नगर के थाना प्रभारी उपेन्द्र कुमार, पुअनि जितेन्द्र कुमार मौजूद थे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
1
Wow
0