गढ़वा एसडीएम ने नगर ऊंटारी जेल का किया निरीक्षण, शीघ्र चालू करने की तैयारी तेज

Mar 31, 2026 - 19:25
गढ़वा एसडीएम ने नगर ऊंटारी जेल का किया निरीक्षण, शीघ्र चालू करने की तैयारी तेज

बंशीधर न्यूज

श्री बंशीधर नगर : गढ़वा एसडीएम सह जेल अधीक्षक संजय कुमार ने मंगलवार को महदेईया में निर्मित उपकारा का निरीक्षण कर वस्तुस्थिति का जायजा लिया। उन्होंने हाल ही में खरीदे गये सामानों का भी जायजा लिया तथा जेल के यथाशीघ्र संचालन के लिये न्यूनतम आवश्यक संसाधनों और सामग्रियों की कमी का आकलन किया।

उस मौके पर एसडीएम ने बताया कि पिछले दिनों इस जेल के संचालन के लिये आवश्यक कई जरूरी सामग्रियों को होटवार जेल रांची, घाघीडीह जेल जमशेदपुर तथा हजारीबाग सेंट्रल जेल से क्रय किया गया है। शेष आवश्यक सामग्रियां विहित प्रक्रिया अपनाकर शीघ्र ही क्रय कर ली जायेंगी। उन्होंने कहा कि विभागीय स्तर से जेल को शीघ्र प्रारंभ करने के लिये लगातार निर्देश प्राप्त हो रहे हैं और इसी दिशा में आवश्यक तैयारियां तेज कर दी गई हैं।

उन्होंने बताया कि नगर ऊंटारी व्यवहार न्यायालय के आरंभ होने के बाद से ही इस उपकारा के संचालन की आवश्यकता लगातार महसूस की जा रही थी। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि पिछले एक वर्ष के दौरान जेल आईजी, एडीशनल आईजी, डीसी समेत कई वरीय अधिकारियों द्वारा स्थल का निरीक्षण किया जा चुका है और सभी ने शीघ्र संचालन प्रारंभ करने के निर्देश दिये हैं।

उन्होंने उम्मीद जताई कि अगले एक माह के भीतर सभी आवश्यक बुनियादी सुविधाओं की पूर्ति कर उपकारा को चालू करने की दिशा में ठोस कदम उठाये जायेंगे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0