श्री बंशीधर नगर अनुमंडल क्षेत्र के सदर सलाउद्दीन खान का निधन, शोक

Mar 21, 2026 - 19:26
श्री बंशीधर नगर अनुमंडल क्षेत्र के सदर सलाउद्दीन खान का निधन, शोक

बंशीधर न्यूज

श्री बंशीधर नगर : श्री बंशीधर नगर अनुमंडल क्षेत्र के सदर सलाउद्दीन खान का हृदयाघात (हार्ट अटैक) से निधन हो गया। उनके निधन की खबर मिलते ही पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। सामाजिक, प्रशासनिक एवं आम लोगों के बीच वे एक न्यायप्रिय और सम्मानित व्यक्ति के रूप में जाने जाते थे। जानकारी के अनुसार सलाउद्दीन खान वर्ष 1980 से लगातार अनुमंडल के सदर के रूप में अपनी सेवा दे रहे थे।

अपने लंबे कार्यकाल में उन्होंने सैकड़ों मामलों में निष्पक्ष, न्यायसंगत और जनहित में फैसले दिये, जिसके कारण वे क्षेत्र में विशेष पहचान रखते थे। उनके पुत्र आजाद जैदी खान उर्फ पप्पू ने बताया कि उनके पिता का इलाज रांची स्थित पारस हॉस्पिटल में पिछले दस दिनों से चल रहा था। स्वास्थ्य में सुधार होने के बाद डॉक्टरों ने उन्हें छुट्टी दे दी थी, लेकिन बीती रात अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई इसके बाद परिजन उन्हें तुरंत डाल्टनगंज के नारायणी अस्पताल लेकर पहुंचे।

अस्पताल में डॉक्टरों ने करीब चार घंटे तक उन्हें बचाने का हर संभव प्रयास किया, लेकिन आखिरकार हृदय गति रुक जाने के कारण उनका निधन हो गया। उनके निधन से न केवल परिवार बल्कि पूरे अनुमंडल क्षेत्र को अपूरणीय क्षति हुई है। क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों ने उनके आवास पर पहुंच कर गहरा शोक व्यक्त करते हुये उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।

लोगों ने उनके योगदान को याद करते हुये कहा कि उन्होंने हमेशा न्याय और समाज सेवा को प्राथमिकता दी। स्वर्गीय सलाउद्दीन खान का व्यक्तित्व सरल, मिलनसार और न्यायप्रिय था, जिसकी वजह से वे हर वर्ग के लोगों के बीच लोकप्रिय थे। उनके निधन से क्षेत्र में एक बड़ी कमी महसूस की जा रही है। विशुनपुर कर्बला के मैदान में जनाजा पढ़ाया गया। पूर्णानगर कब्रिस्तान में सुपुर्दे खाख किया गया।

हजारों की संख्या में लोग जनाजे की नमाज में शामिल हुये। दुःख व्यक्त करने वालों में विधायक अनंत प्रताप देव, झामुमो के केंद्रीय समिति सदस्य ताहिर अंसारी, झामुमो के युवा नेता दीपक प्रताप देव, राजद नेता अभय कुमार पांडेय, शिवकुमार पांडेय, वार्ड पार्षद ओमप्रकाश चौबे, राजू सिंह, नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि रविप्रकाश सहित कई लोगों के नाम शामिल हैं।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0