संध्या देवी बनी उपाध्यक्ष, उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी रंजन कुमार को 9 मतों से हराया
श्री बंशीधर नगर : डीसी ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष एवं वार्ड पार्षदों को दिलाई शपथ
नगर पंचायत क्षेत्र के विकास में प्रशासन का मिलेगा हर संभव सहयोग : डीसी
बंशीधर न्यूज
श्री बंशीधर नगर : श्री बंशीधर नगर पंचायत के नवनिर्वाचित अध्यक्ष एवं वार्ड पार्षदों को गुरुवार को शपथ दिलाई गई। अनुमंडल कार्यालय के सभागार में आयोजित समारोह में जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह डीसी दिनेश यादव ने सबसे पहले नवनिर्वाचित अध्यक्ष साधना देवी एवं सभी वार्ड पार्षदों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।
साथ ही बुके देकर स्वागत किया। उस मौके पर डीसी ने सभी नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों को बधाई देते हुये कहा कि सभी संविधान के अनुरूप अपने अधिकारों का उपयोग करते हुये नगर पंचायत क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिये कार्य करें। उन्होंने आशा व्यक्त करते हुये कहा कि प्रतिनिधियों के द्वारा पांच वर्षों में क्षेत्र का समग्र विकास कर शहर को नई ऊंचाईयों पर पहुंचाया जायेगा।
उन्होंने श्री बंशीधर नगर पंचायत क्षेत्र के विकास में प्रशासन की ओर से हर संभव सहयोग देने का भरोसा दिलाया। उधर शपथ ग्रहण के बाद नगर पंचायत के उपाध्यक्ष पद के लिये चुनाव प्रक्रिया प्रारंभ की गई। चुनाव में उपाध्यक्ष पद के लिये दो प्रत्याशियों वार्ड नंबर 12 की वार्ड पार्षद संध्या देवी एवं वार्ड नंबर 3 के वार्ड पार्षद रंजन कुमार ने नामांकन दाखिल किया।
मतदान में कुल 17 वार्ड पार्षदों ने हिस्सा लिया। चुनाव में संध्या देवी ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी को रंजन कुमार को 9 मतों से पराजित कर उपाध्यक्ष की कुर्सी पर कब्जा जमा लिया। संध्या देवी को कुल 13 मत प्राप्त हुये। जबकि रंजन कुमार को मात्र 4 मत मिले। निर्वाची पदाधिकारी-सह-भू अर्जन पदाधिकारी संजय प्रसाद ने संध्या देवी को विजयी घोषित कर जीत का प्रमाण पत्र प्रदान किया।
इसके बाद नगर पंचायत की अध्यक्ष साधना देवी ने नवनिर्वाचित उपाध्यक्ष को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। तत्पश्चात अध्यक्ष ने उपाध्यक्ष को बुके देकर स्वागत किया। उस मौके पर नगर पंचायत अध्यक्ष पद के निर्वाची पदाधिकारी सह एसडीओ प्रभाकर मिर्धा, उपाध्यक्ष पद के सहायक निर्वाची पदाधिकारी सह बीडीओ रौशन कुमार, सीओ विकास कुमार सहित अन्य कई पदाधिकारी मौजूद थे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0